आवास योजना में अवैध वसूली की शिकायत पर बीडीओ ने दिखाई सख्ती, पेंशन से लेकर बिजली की समस्याओं के समाधान का भरोसा  

सेमरी-नावाडीह के चार टोलों में बनेंगी सड़कें, बीडीओ ने दिए नवंबर में काम शुरू करने के निर्देश

 अनूप सिंह 

गढ़वा:- बरडीहा प्रखंड के सुदूरवर्ती सेमरी और नावाडीह गांव के विभिन्न टोलों में बीडीओ प्रवीण कुमार सिंह ने पैदल भ्रमण कर ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं और कई मामलों में मौके पर ही कार्रवाई के निर्देश दिए। ग्रामीणों ने इसे ऐतिहासिक पहल बताते हुए कहा कि पहली बार कोई बीडीओ पैदल उनके टोले तक पहुंचकर समस्याओं से रूबरू हुआ। भ्रमण में मुखिया बहादुर अंसारी, पंचायत समिति सदस्य अरविंद राजवार सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

निरीक्षण के दौरान सेमरी के आदिवासी टोला, अंबेडकर टोला समेत चार टोलों में सड़क निर्माण की स्वीकृति दी गई। बीडीओ ने नवंबर में ही काम शुरू कराने का निर्देश दिया। रैयती जमीन से जुड़े मामलों में ग्रामीणों की आपसी सहमति से सहमति पत्र प्रखंड कार्यालय में जमा कराने को कहा।

आदिवासी टोला के ग्रामीणों ने प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ दिलाने के नाम पर कथित बिचौलियों द्वारा पांच से आठ हजार रुपये तक वसूलने की शिकायत की। बीडीओ ने लिखित आवेदन देने को कहा और दोषियों पर कानूनी कार्रवाई का भरोसा दिलाया। उन्होंने स्पष्ट किया कि आवास स्वीकृति, जियो-टैगिंग और फोटो खींचने के लिए कोई शुल्क नहीं लिया जाता।

अंबेडकर टोला में जलनिकासी की समस्या दूर करने के लिए घरों के पास सोख्ता बनाने तथा छठ घाट जाने वाले रास्ते की समस्या के समाधान पर चर्चा हुई। कोरबा टोली में भवन के अभाव में सेविका के कच्चे मकान में चल रहे आंगनबाड़ी केंद्र और बच्चों की लगभग 50 प्रतिशत उपस्थिति का मामला भी सामने आया। बीडीओ ने राशन की डोर स्टेप डिलीवरी सुनिश्चित कराने के लिए आपूर्ति पदाधिकारी को निर्देश दिया। सेविकाओं के मानदेय और पोषाहार राशि के नियमित भुगतान के लिए भी पहल की बात कही।

वहीं, पेंशन से वंचित बुजुर्गों को आवेदन देने पर त्वरित कार्रवाई का आश्वासन दिया गया। झूलते बिजली तारों और पोल की समस्या पर विद्युत विभाग से बात कर जल्द समाधान करने को कहा। बिजली सुधार के लिए ग्रामीणों से चंदा वसूले जाने की शिकायत पर संबंधित कर्मियों को कड़ी चेतावनी दी गई।

Leave a Comment