अनूप सिंह
गढ़वा:- पुलिस अधीक्षक आशुतोष शेखर (भा०पु०से०) की अध्यक्षता में समाहरणालय स्थित पुलिस अधीक्षक कार्यालय के सभागार कक्ष में मंगलवार को मासिक अपराध गोष्ठी का आयोजन किया गया। गोष्ठी में जिले के सभी थाना/ओ0पी0 क्षेत्रों में विधि-व्यवस्था, अपराध नियंत्रण, लंबित कांडों के अनुसंधान एवं निष्पादन के मद्देनजर विस्तृत समीक्षा की गई।
गोष्ठी की शुरुआत में पुलिस अधीक्षक महोदय द्वारा दुर्गा पूजा को जिले अंतर्गत शांत एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में सम्पन्न होने को लेकर सभी थाना/ओपी प्रभारी को बधाई दी गई। साथ ही आगामी त्योहार धनतेरस, दीपावली एवं छठ पूजा को लेकर जिले के सभी थाना/ओ0पी0 प्रभारियों को विशेष सतर्कता बरतने तथा किसी भी संभावित असामाजिक गतिविधि पर प्रभावी अंकुश लगाने हेतु लगातार निगरानी रखने का निर्देश दिया गया। साथ ही थाना में संधारित सभी पंजी को ससमय अद्यतन रखने, संभावित चोरी की घटनाओं की रोकथाम हेतु लगातार निगरानी बढ़ाने तथा सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए विशेष सतर्कता बरतने का निर्देश दिया गया।

पुलिस अधीक्षक द्वारा गृहभेदन/चोरी पर प्रभावी अंकुश लगाने, हाल ही में जेल से निकले अपराधियों पर कड़ी निगरानी रखने, छठ घाटों पर जिला प्रशासन से समन्वय स्थापित कर पर प्रभावी सुरक्षात्मक उपाय करने का निर्देश दिया गया।
गोष्ठी के दौरान नशाखोरी, बाल-विवाह, डायन-बिसाही, सड़क सुरक्षा एवं समाज में व्याप्त अन्य कुरीतियों के विरुद्ध सभी थाना/ओ0पी0 स्तर पर व्यापक जागरूकता अभियान चलाने का निर्देश दिया गया। इसके तहत सार्वजनिक स्थलों, शैक्षणिक संस्थानों एवं अन्य प्रतिष्ठानों में जाकर आम लोगों एवं छात्रों को जागरूक करने पर विशेष बल दिया गया।
पुलिस अधीक्षक द्वारा नियमित अंतराल पर दोपहिया एवं चारपहिया वाहनों की सघन जांच करने तथा MV Act के तहत आवश्यक कार्रवाई करने, SC/ST कांडों में मुआवजा हेतु संबंधित विभाग को ससमय प्रस्ताव भेजने एवं सड़क सुरक्षा के दृष्टिकोण से ब्लैक स्पॉट को चिन्हित कर दुर्घटनाओं में कमी लाने हेतु विशेष उपाय करने का निर्देश दिया गया। साथ ही नफीस में कैदियों के फिंगर प्रिंट की प्रविष्टि अनिवार्य रूप से कराने को कहा गया।



