
अनूप सिंह 
मझिआंव:- मझिआंव-सुंडीपुर मुख्य रोड स्थित प्रोजेक्ट राधा कृष्ण बालिका विद्यालय के समीप स्कॉर्पियो एवं मोटरसाइकिल के आमने-सामने की टक्कर में मोटरसाइकिल चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। स्थानीय ग्रामीणों की मदद से घायल को दुर्घटना में प्रयुक्त स्कॉर्पियो के द्वारा रेफरल अस्पताल ले जाया गया।जहां उपस्थित चिकित्सक मनीष कुमार के द्वारा प्राथमिक उपचार कर गंभीर स्थिति को देखते हुए गढ़वा सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया। घायल की पहचान कांडी थाना क्षेत्र के रतनगढ़ा गांव निवासी रामनाथ रजवार के 30 वर्षीय पुत्र जितेंद्र रजवार के रूप में हुई।
घटना के संबंध में घायल जितेंद्र रजवार ने बताया कि मैं अपने मोटरसाइकल से पलामू जिला के मोहम्मदगंज से मझिआंव आ रहा था। इसी बीच विपरीत दिशा से आ रही स्कार्पियो ने जोरदार टक्कर मार दिया,जिसमें मैं बुरी तरह घायल हो गया। इधर स्कार्पियो चालक मेराल थाना क्षेत्र के लिखनिया औरैया गांव निवासी रामानंद चौधरी ने बताया कि अटोला गांव से लकवा पेशेंट लेकर खरसोता गांव शिव महिमा केयर अस्पताल में इलाज कराने जा रहा था।
इसी बीच विपरीत दिशा से आ रही नशे में धूत मोटरसाइकिल चालक स्कॉर्पियो के रॉन्ग साइड में धक्का मारते हुए गिरकर घायल हो गया।इधर पुलिस प्रशासन के द्वारा स्कॉर्पियो को अपने कब्जे में ले लिया गया है।

