नगर पंचायत अध्यक्ष ने एसडीयो को एलपीजी गैस को लेकर शहरी क्षेत्र में हो रहे समस्याओं से निजात दिलाने की मांग की

उपभोक्ताओं को 25 दिनों के भीतर गैस की आपूर्ति सुनिश्चित की जानी चाहिए: सुमित्रा

अनूप सिंह

मझिआंव:- नव निर्वाचित नगर पंचायत अध्यक्ष सुमित्रा देवी ने मझिआंव शहरी क्षेत्र में एलपीजी गैस कि हो रही जनता की समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए एसडीओ को एक लिखित आवेदन सौंपा है। इस आवेदन में उन्होंने नगर पंचायत क्षेत्र में एलपीजी वितरण केंद्र स्थापित करने की मांग की है। उन्होंने बताया कि वर्तमान में शहरी क्षेत्र के लोग ग्रामीण उजाला गैस वितरक एजेंसी पर निर्भर हैं, जो मुख्य रूप से ग्रामीण इलाकों की जरूरतों को पूरा करने के लिए बनाई गई है। इसके कारण शहर के उपभोक्ताओं को समय पर गैस सिलेंडर उपलब्ध नहीं हो पा रहा है।

सुमित्रा देवी ने अपने आवेदन में स्पष्ट किया कि सरकार के नियमों के अनुसार शहरी क्षेत्रों में एलपीजी उपभोक्ताओं को 25 दिनों के भीतर गैस की आपूर्ति सुनिश्चित की जानी चाहिए, लेकिन वास्तविकता इससे काफी अलग है। कई उपभोक्ताओं को एक महीने से भी अधिक समय तक इंतजार करना पड़ रहा है, जिससे उन्हें भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। खासकर कामकाजी परिवारों और छोटे व्यवसायों पर इसका नकारात्मक प्रभाव पड़ रहा है।

उन्होंने यह भी उल्लेख किया कि गैस की अनियमित आपूर्ति के कारण लोगों को वैकल्पिक ईंधनों का सहारा लेना पड़ रहा है, जो न केवल महंगा है बल्कि पर्यावरण के लिए भी हानिकारक है। इस स्थिति को देखते हुए नगर पंचायत अध्यक्ष ने एसडीओ से आग्रह किया है कि जल्द से जल्द शहरी क्षेत्र में एक अलग एलपीजी वितरण केंद्र खोला जाए, ताकि लोगों को समय पर और सुगम तरीके से गैस उपलब्ध हो सके।

Leave a Comment