
एसपी के भरोसे पर बड़कागांव थाना के नये प्रभारी ने आरोपियों पर कसा शिकंजा
विष्णु गुप्ता
बड़कागांव – हजारीबाग पुलिस अधीक्षक द्वारा भरोसे के साथ बड़कागांव थाना का प्रभार सौंपे गए थाना प्रभारी दीपक कुमार सिंह ने अपनी कार्यशैली से उस विश्वास को सही साबित कर दिया है। पदभार संभालने के महज एक महीने के भीतर ही उन्होंने पुराने लंबित मामलों में तेजी दिखाते हुए नंदनी ज्वेलर्स दुकान लूटकांड का सफल खुलासा कर दिया।
ग्रामीणों का कहना है कि नए थाना प्रभारी के आने के बाद क्षेत्र में पुलिस की सक्रियता साफ नजर आ रही है और अपराधियों में डर का माहौल बना है। पहले जहां अपराधी बेखौफ घूमते थे, वहीं अब लगातार हो रही कार्रवाई से उनकी कमर टूटती दिख रही है।

दीपक कुमार सिंह ने साफ शब्दों में कहा है कि बड़कागांव थाना क्षेत्र में किसी भी तरह के अपराध को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि अपराध करने वालों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा और कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।
स्थानीय लोगों ने भी थाना प्रभारी की इस कार्यशैली की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे ही सख्त और ईमानदार पुलिस अधिकारी की क्षेत्र को जरूरत थी, जिससे आम जनता को सुरक्षा का एहसास हो सके।



