नव नियुक्त प्रभारी प्रधानाध्यापक का अभाविप द्वारा भव्य स्वागत, विद्यालय विकास को लेकर जताई बड़ी उम्मीदें

 

 

विद्यालय के विकास में हर संभव सहयोग देती रहेगी अभाविप : प्रिन्स

अनुप सिंह

कांडी: राजकीय कृत +2 उच्च विद्यालय कांडी में मंगलवार को नव नियुक्त प्रभारी प्रधानाध्यापक मलय कुमार सिंह के पदभार ग्रहण करने पर अभाविप कार्यकर्ताओं ने प्रभारी प्रधानाध्यापक को फुल माला पहनाते हुए मिठाई खिलाकर, अंगवस्त्र एवं युवाओं के प्रेरणाश्रोत स्वामी विवेकानंद की तस्वीर भेंट कर उनका जोरदार स्वागत किया। इस दौरान पूरे परिसर में उत्साह का वातावरण बना रहा। उपस्थित लोगों ने नए नेतृत्व का स्वागत करते हुए विद्यालय के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

वहीं अभाविप के प्रदेश कार्यसमिति सदस्य प्रिंस कुमार सिंह ने संबोधित करते हुए कहा कि किसी भी शैक्षणिक संस्थान की प्रगति उसके नेतृत्व पर निर्भर करती है। हमें पूर्ण विश्वास है कि मलय कुमार सिंह के नेतृत्व में यह विद्यालय न केवल शैक्षणिक क्षेत्र में उत्कृष्टता हासिल करेगा, बल्कि अनुशासन, संस्कार और नैतिक मूल्यों के क्षेत्र में भी एक नई पहचान बनाएगा। अभाविप सदैव छात्रों के हित में कार्य करती रही है और आगे भी विद्यालय के विकास में हर संभव सहयोग देती रहेगी।

उन्होंने कहा कि वे विद्यालय में बेहतर शैक्षणिक वातावरण, नियमित कक्षाओं, आधुनिक सुविधाओं एवं सह-पाठयक्रम गतिविधियों के विस्तार की अपेक्षा रखते हैं। आशा जताई कि नए प्रभारी प्रधानाध्यापक के नेतृत्व में विद्यालय में सकारात्मक बदलाव देखने को मिलेगा।

अपने संबोधन में नव नियुक्त प्रभारी प्रधानाध्यापक मलय कुमार सिंह ने सभी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि आप सभी का स्नेह और विश्वास मेरे लिए प्रेरणा का स्रोत है। मैं पूरी ईमानदारी, निष्ठा और पारदर्शिता के साथ विद्यालय के सर्वांगीण विकास के लिए कार्य करूंगा। मेरा लक्ष्य है कि यहां के छात्र-छात्राएं गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्राप्त कर अपने उज्ज्वल भविष्य का निर्माण करें। विद्यालय में अनुशासन, नियमितता और शिक्षा की गुणवत्ता को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाएगी।

उन्होंने आगे कहा कि शिक्षकों, अभिभावकों और विद्यार्थियों के सहयोग से ही किसी भी संस्थान को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया जा सकता है, इसलिए सभी के सामूहिक प्रयास से विद्यालय को एक आदर्श शिक्षण संस्थान बनाने की दिशा में काम किया जाएगा।

इस अवसर पर अभाविप के नगर मंत्री लक्की चंद्रवंशी, नगर अध्यक्ष उदय पासवान, सेवानिवृत शिक्षक दुर्गेश दुबे एवं विद्यालय के शिक्षकगण, छात्र-छात्राएं, अभिभावक एवं क्षेत्र के गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

Leave a Comment