अनुप सिंह

मझिआंव:- मजदूर दिवस के अवसर पर नगर पंचायत कार्यालय के सभागार में एक सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम की अध्यक्षता नगर पंचायत अध्यक्ष सुमित्रा देवी ने की। समारोह का मुख्य उद्देश्य नगर पंचायत में कार्यरत मेहनतकश कर्मचारियों के योगदान को सराहना और उन्हें सम्मानित करना था। इस दौरान सफाई प्रभारी, सफाई कर्मी, सफाई वाहन चालक, वार्ड जमादार, बिजली मिस्त्री एवं चापानल मिस्त्री को अंग वस्त्र देकर सम्मानित किया गया।

अपने संबोधन में सुमित्रा देवी ने कहा कि नगर की स्वच्छता और सुचारू व्यवस्था बनाए रखने में इन कर्मचारियों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि ये सभी कर्मी प्रतिदिन कठिन परिस्थितियों में कार्य करते हुए समाज की सेवा कर रहे हैं, जो सराहनीय है। मजदूर दिवस हमें उनके श्रम,समर्पण और संघर्ष को पहचानने का अवसर देता है।
कार्यक्रम के दौरान नगर पंचायत के अन्य पदाधिकारी भी उपस्थित रहे और उन्होंने भी कर्मचारियों के कार्यों की प्रशंसा की। समारोह में मौजूद सभी सफाई कर्मियों और अन्य कर्मचारियों के चेहरे पर सम्मान पाकर खुशी साफ झलक रही थी। इस आयोजन ने कर्मचारियों के मनोबल को बढ़ाने का कार्य किया और उन्हें आगे भी पूरी निष्ठा के साथ काम करने के लिए प्रेरित किया। अंत में सभी उपस्थित लोगों ने श्रमिकों के सम्मान में तालियां बजाकर उनका उत्साहवर्धन किया।



