विष्णु गुप्ता:
बड़कागांव थाना क्षेत्र के कनकी डाड़ी निवासी 50 वर्षीय मोहम्मद रियाज अंसारी पिता इसहाक़ मियां का शव तीन दिन बाद बड़कागांव के चोरका पुल एवं छवनियां नदी के बीच नदी से बरामद होने के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू की। जानकारी के अनुसार, मृतक बीते तीन दिन पहले 11 मई को शाम घर से निकला था, जिसके बाद वह वापस नहीं लौटा। परिजनों द्वारा काफी खोजबीन की गई, लेकिन उसका कोई पता नहीं चल पाया। गुमशुदगी को लेकर मृतक का पुत्र मोहम्मद जियाउद्दीन ने स्थानीय थाना डाड़ी कलां थाना में मंगलवार को सनहा दर्ज कराया था। बुधवार सुबह स्थानीय लोगों ने नदी में शव देख।, जिसके बाद बड़कागांव एवं डाड़ी कलां थाना के पुलिस और परिजनों को सूचना दी गई।

मौके पर पहुंचे बड़कागांव एसडीपीओ पवन कुमार, डाड़ी कलां थाना प्रभारी सागेन मुर्मू दलबल के साथ पहुंचे। परिजनों ने शव की पहचान की। हालांकि परिजनों ने किसी पर हत्या का आरोप नहीं लगाया है। साथ ही उन्होंने पोस्टमार्टम कराने से भी इनकार करते हुए पुलिस को लिखित आवेदन दिया है कि वे किसी प्रकार की कानूनी कार्रवाई नहीं चाहते। उन्होंने शव को अपने साथ अंतिम संस्कार के लिए ले जाने की अनुमति देने का अनुरोध किया। जिसके बाद कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए परिजनों को शव सौंप दिया गया जिसे दोपहर स्थानीय कब्रिस्तान में सुपुर्द ए खाक कर दिया गया। पुलिस ने आवेदन प्राप्त कर आगे की प्रक्रिया पूरी करने में जुट गई।



