शोक संतप्त परिवार से मिले बीएसपी प्रदेश महासचिव सह युवा समाजसेवी, हरसंभव सहायता का दिया आश्वासन

 

अनुप सिंह

मझिआंव:- बहुजन समाज पार्टी के प्रदेश महासचिव सह विश्रामपुर विधानसभा क्षेत्र के युवा समाजसेवी अभिमन्यु सिंह ने दैनिक जागरण के पत्रकार विनय कुमार के असामयिक निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया। इस दुखद घटना की जानकारी मिलने के बाद वे दिवंगत पत्रकार के आवास पहुंचे और उनके पुत्र विकास कुमार एवं शोक संतप्त परिवारजनों से मिलकर अपनी संवेदनाएं प्रकट कीं। उन्होंने परिवार को इस कठिन समय में धैर्य एवं साहस बनाए रखने का आग्रह करते हुए ढांढस बंधाया।

अभिमन्यु सिंह ने कहा कि विनय कुमार एक कर्मठ, निष्पक्ष और समाज के प्रति समर्पित पत्रकार थे। उन्होंने पत्रकारिता के माध्यम से आम लोगों की समस्याओं को प्रमुखता से उठाया और समाज के हित में महत्वपूर्ण योगदान दिया। उनका निधन पत्रकारिता जगत के लिए अपूरणीय क्षति बताया, जिसकी भरपाई करना संभव नहीं है।

परिवारजनों से बातचीत के दौरान अभिमन्यु सिंह ने आश्वासन दिया कि दुख की इस घड़ी में वे परिवार के साथ मजबूती से खड़े हैं। उन्होंने कहा कि परिवार को किसी भी प्रकार की आवश्यकता होने पर वे हरसंभव सहयोग और सहायता के लिए सदैव तत्पर रहेंगे। इस अवसर पर उपस्थित गोल्डन सिंह,जयप्रकाश सिंह,सुदामा सिंह,कृष्ण मुरारी मालाकार,अनी सिंह,नागेंद्र साव आदि लोगों ने भी शोकाकुल परिवार के प्रति अपनी संवेदनाएं व्यक्त की।

Leave a Comment