अनुप सिंह
मझिआंव: नगर पंचायत अध्यक्षा श्रीमती सुमित्रा देवी के निर्देशानुसार आगामी वर्षा ऋतु को ध्यान में रखते हुए नगर क्षेत्र की नालियों की विशेष साफ-सफाई अभियान की शुरुआत मंगलवार की रात्रि से करा दी गई है। इस अभियान का उद्देश्य वर्षात के दौरान जलजमाव की समस्या को रोकना तथा नगरवासियों को स्वच्छ एवं स्वस्थ वातावरण उपलब्ध कराना है।
नगर पंचायत द्वारा जेसीबी एवं सफाई कर्मियों की सहायता से विभिन्न वार्डों में नालियों से गंदगी, कचरा एवं अन्य अवरोधक सामग्री को हटाने का कार्य किया जा रहा है। प्राथमिकता के आधार पर मुख्य मार्गों, बाजार क्षेत्र तथा जलनिकासी प्रभावित क्षेत्रों में सफाई कार्य कराया जा रहा है।

माननीय अध्यक्षा श्रीमती सुमित्रा देवी ने कहा कि नगरवासियों को वर्षांत के मौसम में किसी प्रकार की कठिनाईयों का सामना न करना पड़े, इसके लिए सभी आवश्यक तैयारियां समय पर सुनिश्चित की जा रही हैं। उन्होंने आम नागरिकों से भी अपील की है कि नालियों एवं सार्वजनिक स्थलों पर कचरा न फेंकें तथा नगर पंचायत क्षेत्र को स्वच्छ बनाए रखने में सहयोग करें।

नगर पंचायत प्रशासन ने बताया कि सफाई अभियान आगामी दिनों में सभी वार्डों में चरणबद्ध तरीके से जारी रहेगा तथा जलनिकासी व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने हेतु आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।वहीं शहरी क्षेत्र में रात्रि में ही सफाई कार्य किया जाएगा।



