अनुप सिंह
गढ़वा: श्रद्धालुओं की सेवा में समर्थवान लोगों के समर्पण का गवाह एक बार फिर श्री राम लला मंदिर बना। इस बार सेवा भाव के प्रवाह का हिस्सा बनते हुए जिला मुख्यालय के चिनिया रोड स्थित सात्विक इलेक्ट्रॉनिक्स के प्रोपराइटर राजेश कुमार सिंह ने श्रद्धालुओं की सेवा के लिए कमर्शियल वाटर प्यूरीफायर उपलब्ध कराया है।
बता दें कि चार दिन पूर्व डॉ मनीष कुमार सिंह के मंदिर को 80 लीटर का वाटर कूलर मशीन उपलब्ध कराया था। डॉ साहब से प्रेरित होकर राजेश सिंह ने गुरुवार को मंदिर परिसर में वाटर प्यूरीफायर मशीन इंस्टॉल करा दिया। उन्होंने कहा कि श्री राम लला मंदिर प्रेरणा स्थल है। श्रद्धालुओं की सेवा और मंदिर के विकास के लिए उनका योगदान हमेशा जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि समाचार पत्र के माध्यम से पता चला था कि डॉ मनीष सिंह जी मंदिर में वाटर कूलर दिए हैं और वाटर प्यूरीफायर भी देने की घोषणा की है।

उन्होंने डॉ साहब से बात की और वाटर प्यूरीफायर देने की सेवा स्वयं को करने देने का आग्रह किया। उसके बाद उन्होंने मंदिर में वाटर प्यूरीफायर लगवा दिया। उन्होंने कहा कि वाटर प्यूरीफायर की देख भाल एवं आवश्यकतानुसार उसकी मरम्मत भी वह कराते रहेंगे। इस मौके पर उपस्थित डॉ मनीष सिंह ने कहा कि वाटर प्यूरीफायर मंदिर के लिए आवश्यक था। प्रायः टंकी में पानी स्थिर हो जाता है। जिसमें जर्म्स एवं बैक्टीरिया पैदा हो जाते हैं। उस पानी को सीधे पीना बीमारी को न्योता देने के समान है। आरओ मशीन के प्रोसेसिंग से पानी में घुले बैक्टीरिया, जर्म्स आदि खत्म हो जाते है और पानी शुद्ध बन जाता है। मंदिर में लगे आरओ का शुद्ध पानी अब वाटर कूलर मशीन से होते हुए श्रद्धालुओं को प्राप्त होगा। भीषण गर्मी में यह पानी अमृत के समान हलक को शीतलता और संतुष्टि प्रदान करेगा। मंदिर समिति के सचिव धनंजय सिंह ने कहा कि पांच एकड़ में फैले श्री राम लला मंदिर बहुत ही प्राचीन एवं जीवंत मंदिर है। सारी मन्नते पूरा करने वाले यहां विद्यमान पूर्ण प्रकाशमय बाल रूप भगवान की प्रेरणा से राजेश सिंह जैसे लोग सेवा कार्य से जुड़ रहे हैं। मंदिर समिति उनके इस श्रेष्ठ कार्य के लिए आभार व्यक्त करती है। मौके पर मंदिर समिति के उपाध्यक्ष सुदर्शन सिंह, श्यामा पांडेय, सत्यनारायण दुबे, पुजारी सरस्वती कुंवर, ललित कुमार पांडेय, अनिल शर्मा, रघु चौधरी, अनिल पांडेय , दिलीप कमलापुरी सहित कई लोग उपस्थित थे।



