अवैध महुआ शराब के खिलाफ पुलिस का अभियान, जावा महुआ व शराब किया विनष्ट

अनुप सिंह

मोहम्मद गंज थाना क्षेत्र में अवैध शराब के निर्माण और बिक्री पर रोक लगाने के लिए पुलिस ने शनिवार को विशेष अभियान चलाया। थाना क्षेत्र के बटऊआ आजाद नगर गांव में की गई कार्रवाई के दौरान पुलिस ने अवैध महुआ शराब बनाने में प्रयुक्त सामग्री बरामद कर उसे मौके पर ही नष्ट कर दिया।

जानकारी के अनुसार, क्षेत्र में नशे के कारण मारपीट, घरेलू विवाद और सामाजिक अशांति की घटनाएं बढ़ने की शिकायतों के बाद पुलिस ने यह अभियान चलाया। अभियान का नेतृत्व कर रहे एसआई शेख अमानुल्लाह ने बताया कि छापेमारी के दौरान करीब 10 किलो जावा महुआ तथा 20 लीटर तैयार महुआ शराब बरामद की गई। बरामद सामग्री को विधिसम्मत प्रक्रिया के तहत मौके पर ही नष्ट कर दिया गया। साथ ही शराब निर्माण में उपयोग किए जा रहे उपकरणों और सामग्री को भी ध्वस्त कर दिया गया, ताकि दोबारा अवैध शराब का निर्माण न हो सके।

थाना प्रभारी नारायण सोरेन ने कहा कि अवैध शराब के कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए क्षेत्र में लगातार अभियान चलाया जाएगा। उन्होंने लोगों से नशे से दूर रहने तथा अवैध शराब के निर्माण, बिक्री या सेवन की सूचना पुलिस को देने की अपील की। पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में अवैध शराब कारोबारियों में हड़कंप है, जबकि स्थानीय लोगों ने अभियान का स्वागत करते हुए इसे समाजहित में महत्वपूर्ण कदम बताया है।

Leave a Comment