अवैध शराब माफियाओं में मची हड़कंप, पुलिस जांच में जुटी
अनुप सिंह
बरडीहा – थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम जात्रो बंजारी में बेल्दा नदी के किनारे संचालित अवैध महुआ शराब भट्ठी पर पुलिस ने छापेमारी कर लगभग 200 किलोग्राम जावा महुआ नष्ट कर दिया।
मिली गुप्त सूचना के आधार पर यह कार्रवाई थाना प्रभारी ऋषिकेश कुमार सिंह के नेतृत्व में की गई। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर अवैध शराब निर्माण में प्रयुक्त जावा महुआ को बरामद कर मौके पर ही नष्ट कर दिया। छापेमारी के दौरान अवैध शराब बनाने वालों में अफरातफरी मच गई, और वे मौके से फरार हो गए।

थाना प्रभारी ऋषिकेश कुमार सिंह ने बताया कि क्षेत्र में अवैध शराब निर्माण और बिक्री पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस लगातार अभियान चला रही है। उन्होंने कहा कि अवैध कारोबार में संलिप्त लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस की इस कार्रवाई से स्थानीय लोगों ने राहत की सांस ली है। ग्रामीणों का कहना है कि अवैध शराब के कारण गांव में आए दिन आपराधिक घटनाएं ,और सामाजिक समस्याएं बढ़ रही थीं। पुलिस ने मामले में संलिप्त लोगों के जांच में जुट गई है, और प्राथमिकी दर्ज होने की संभावना है।



