रमना पुलिस ने मोहर्रम को लेकर फ्लैग मार्च के माध्यम से दिखाई ताकत

अनुप सिंह

रमना: आगामी मोहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से बुधवार को रमना थाना पुलिस द्वारा फ्लैग मार्च निकाला गया। थाना प्रभारी के नेतृत्व में पुलिस पदाधिकारियों एवं जवानों ने चारपहिया एवं दोपहिया वाहनों के साथ सायरन बजाते हुए क्षेत्र के विभिन्न गांवों और प्रमुख चौक-चौराहों का भ्रमण किया।

फ्लैग मार्च रमना थाना परिसर से शुरू होकर टंडवा, बहियार खुर्द, बहियार कला, सिरिया टोंगार गांव होते हुए मुख्य पथ के सर्वेश्वरी चौक, भगत सिंह चौक और हरिगणेश मोड़, महज़िद टोला सें गुजरते हुए पुनः थाना परिसर पहुंचा। इस दौरान पुलिसकर्मियों ने लोगों से मोहर्रम के दौरान शांति, भाईचारा एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करने की अपील की।

 

पुलिस अधिकारियों ने कहा कि पर्व के दौरान किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न दें तथा किसी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें। फ्लैग मार्च का उद्देश्य लोगों में सुरक्षा का भरोसा कायम करना तथा त्योहार को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराना है। मार्च के दौरान क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था का जायजा भी लिया गया।

Leave a Comment