तीन दिवसीय पल्स पोलियो अभियान शुरू, 0-5 साल के 40 हजार बच्चों को पिलाई जाएगी दवा

अनुप सिंह

मझिआंव: – सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, मझिआंव के अंतर्गत मझिआंव, बरडीहा एवं कांडी प्रखंड क्षेत्र में रविवार से तीन दिवसीय पल्स पोलियो अभियान की शुरुआत की गई। प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. गोविंद प्रसाद सेठ ने मझिआंव से 0 से 5 वर्ष तक के बच्चों को पोलियो ड्रॉप पिलाकर अभियान का शुभारंभ किया।

इस संबंध में बीपीएम शिवनारायण मंडल ने बताया कि यह विशेष पल्स पोलियो अभियान 28 जून से 30 जून तक चलाया जा रहा है। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के अंतर्गत तीनों प्रखंडों में कुल 40 हजार बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाने का लक्ष्य रखा गया है।

अभियान की सफलता के लिए 180 बूथ बनाए गए हैं, जहां आंगनबाड़ी सेविका एवं सहिया द्वारा बच्चों को पोलियो ड्रॉप पिलाया जा रहा है। इसके अलावा रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड जैसे भीड़भाड़ वाले स्थानों के लिए 4 ट्रांजिट टीम भी लगाई गई हैं ताकि कोई बच्चा दवा पीने से वंचित न रहे।

बीपीएम ने कहा कि बूथ पर छूटे हुए बच्चों को चिन्हित कर घर-घर जाकर पोलियो की खुराक पिलाई जाएगी। इसके लिए 36 मॉनिटरिंग टीम बनाई गई हैं जो घर-घर जाकर सत्यापन करेंगी, और पोलियो ड्राप पिलाई जाएगी।

अभियान के पहले दिन प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. गोविंद प्रसाद सेठ एवं अन्य पदाधिकारियों ने मझिआंव, बरडीहा और कांडी के विभिन्न बूथों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने कर्मियों को शत-प्रतिशत लक्ष्य हासिल करने का निर्देश दिया। जिला सर्विलांस पदाधिकारी ने भी क्षेत्र का दौरा कर अभियान का जायजा लिया।

डॉ. सेठ ने अभिभावकों से अपील की कि 5 साल तक के सभी बच्चों को पोलियो की दो बूंद जरूर पिलाएं। उन्होंने कहा, “देश को पोलियो मुक्त रखने के लिए हर बच्चे तक पहुंचना जरूरी है। एक भी बच्चा छूटा तो खतरा बना रहेगा।”

इस अवसर पर बीपीएम शिवनारायण मंडल, मनोज सिन्हा, सुचित सिंह सहित स्वास्थ्य विभाग के अन्य कर्मी, आंगनबाड़ी सेविका, सहिया एवं स्थानीय लोग मौजूद थे।

Leave a Comment