उमेश कुमार
एसबीआई फाउंडेसन से संपोषित और केजीवीके द्वारा क्रियान्वित ग्राम सेवा परियोजना द्वारा रमना प्रखंड अंतर्गत ग्राम सेवा केंद्र सिलीदाग पंचायत के मुखिया अनीता देवी गमहरिया पंचायत के मुखिया पानपती देवी और एसबीआई बैंक रमना शाखा के प्रबंधक जितेंद्र कुमार ने जरूरतमंद छात्राओं के बीच साइकिलों का वितरण किया। इस अवसर पर मुखिया अनीता देवी व पानपती ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में लंबी दूरी तय कर विद्यालय पहुँचने में छात्राओं को अनेक कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। साइकिल उपलब्ध होने से उनकी नियमित उपस्थिति बढ़ेगी, समय की बचत होगी तथा वे अधिक आत्मविश्वास के साथ अपनी शिक्षा जारी रख सकेंगी। साइकिल वितरण जैसी पहल इन चुनौतियों को कम करने के साथ-साथ छात्राओं को आत्मनिर्भर बनने की दिशा में प्रेरित करेगी।

इस अवसर पर एसबीआई बैंक रमना शाखा के प्रबंधक जितेंद्र कुमार ने बताया कि ग्राम सेवा परियोजना का उद्देश्य केवल आधारभूत सुविधाएँ उपलब्ध कराना ही नहीं, बल्कि शिक्षा, कौशल विकास, महिला सशक्तिकरण, आजीविका संवर्धन, स्वास्थ्य, स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण के माध्यम से ग्रामीण समुदायों के समग्र विकास को गति देना है। साइकिल वितरण इसी उद्देश्य की एक महत्वपूर्ण कड़ी है।

केजीवीके के प्रतिनिधि धर्मेन्द्र कुमार तिवारी ने बताया कि इस पहल का उद्देश्य शिक्षा, कौशल प्रशिक्षण, एवं अन्य आवश्यक गतिविधियों तक लाभार्थियों की सुगम पहुँच सुनिश्चित करना तथा ग्रामीण क्षेत्रों में आवागमन की समस्या को कम करना है, छात्राओं को साइकिल उपलब्ध कराना इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है, जिससे बालिकाओं की शिक्षा को नई गति मिलेगी और उन्हें आगे बढ़ने के बेहतर अवसर प्राप्त होंगे।
कार्यक्रम के दौरान छात्राओं एवं उनके अभिभावकों ने एसबीआई फाउंडेसन एवं केजीवीके के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि साइकिल मिलने से विद्यालय आने-जाने में होने वाली कठिनाइयाँ कम होंगी और छात्राएँ अपनी पढ़ाई पर अधिक ध्यान दे सकेंगी।



