मझिआंव: 31 सहायक शिक्षकों के 4% वेतन वृद्धि को मिली स्वीकृति, सेवा संपुष्टि भी हुई

अनुप सिंह

मझिआंव:– नगर पंचायत कार्यालय सभागार कक्ष में अध्यक्ष श्रीमती सुमित्रा देवी की अध्यक्षता में हुई बैठक में नगर पंचायत क्षेत्र के विभिन्न विद्यालयों में कार्यरत 31 सहायक अध्यापकों के वेतन वृद्धि पर अहम निर्णय लिया गया।    इस महत्वपूर्ण बैठक में 31 सहायक अध्यापकों, जो वर्तमान में पारा शिक्षक के रूप में कार्यरत हैं, के सेवा अभिलेखों की समीक्षा के बाद सर्वसम्मति से उनकी सेवा संपुष्टि का निर्णय लिया गया। साथ ही नियमानुसार सभी को 4% वार्षिक मानदेय वृद्धि का लाभ देने की स्वीकृति प्रदान की गई।

बैठक का मुख्य उद्देश्य नगर पंचायत क्षेत्र की शिक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ व गुणवत्तापूर्ण बनाना रहा। इसके लिए उप शिक्षा समिति के प्राधिकार सदस्य के रूप में वार्ड संख्या-03 के वार्ड पार्षद श्री विकास कुमार सिंह तथा वार्ड संख्या-02 की वार्ड पार्षद श्रीमती रेणु देवी का चयन किया गया। ये सदस्य विद्यालयों की शैक्षणिक गतिविधियों की निगरानी व शिक्षा योजनाओं के बेहतर क्रियान्वयन में सहयोग करेंगे।

*”शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार के लिए प्रतिबद्ध”*

नगर पंचायत अध्यक्ष श्रीमती सुमित्रा देवी ने कहा कि नगर पंचायत शिक्षा की गुणवत्ता में निरंतर सुधार, विद्यार्थियों एवं नगर पंचायत क्षेत्र के छात्रों के हितों की रक्षा तथा विद्यालयों के समग्र विकास के लिए प्रतिबद्ध हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि बैठक में लिए गए निर्णयों से नगर पंचायत क्षेत्र के विद्यालयों में शैक्षणिक वातावरण और अधिक सुदृढ़ होगा।  बैठक में नगर पंचायत उपाध्यक्ष, कार्यपालक पदाधिकारी शैलेश कुमार, शिक्षा विभाग से संतोष कुमार दुबे, संबंधित पदाधिकारी, क्षेत्र के वार्ड पार्षद एवं अन्य सदस्य उपस्थित रहे।

Leave a Comment