8 वर्षों बाद मूल विद्यालय लौटेंगे शिक्षक रविंद्र पाल, जिला परिषद की पहल पर प्रतिनियुक्ति रद्द

अनुप सिंह

मोहम्मदगंज (पलामू):-मध्य विद्यालय पंशा में शिक्षकों की कमी को लेकर जिला परिषद की बैठक में उठाए गए मामले पर प्रशासन ने कार्रवाई करते हुए सहायक शिक्षक रविंद्र पाल की प्रतिनियुक्ति रद्द कर दी है। अब वे अपने मूल विद्यालय मध्य विद्यालय पंशा, मोहम्मदगंज में योगदान देंगे।

जानकारी के अनुसार, जिला परिषद सदस्य अंजू देवी ने जिला परिषद की बैठक में बताई थी कि मध्य विद्यालय पंशा में 255 विद्यार्थियों के लिए केवल तीन शिक्षक कार्यरत हैं। वहीं विद्यालय में पदस्थापित चौथे शिक्षक रविंद्र पाल पिछले आठ वर्षों से बुनियादी विद्यालय पोलपोल में प्रतिनियुक्त थे। इससे विद्यालय में शिक्षकों की कमी के कारण विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित हो रही थी। उन्होंने रविंद्र पाल की प्रतिनियुक्ति रद्द कर मूल विद्यालय में वापस भेजने तथा 1-2 अतिरिक्त शिक्षकों की व्यवस्था करने की मांग की थी।

मामले को गंभीरता से लेते हुए जिला शिक्षा अधीक्षक, पलामू ने 15 जुलाई 2026 को कार्यालय आदेश जारी कर उप विकास आयुक्त-सह-मुख्य कार्यपालक पदाधिकारी, जिला परिषद, पलामू के निर्देश के आलोक में रविंद्र पाल की प्रतिनियुक्ति तत्काल प्रभाव से समाप्त कर दी। आदेश में संबंधित नियंत्री पदाधिकारी को निर्देश दिया गया है कि पत्र निर्गत होने की तिथि से दो दिनों के भीतर शिक्षक का मूल विद्यालय में योगदान सुनिश्चित कराया जाए।

स्थानीय लोगों ने इस निर्णय का स्वागत करते हुए उम्मीद जताई है कि शिक्षक की वापसी से विद्यालय में पठन-पाठन व्यवस्था में सुधार होगा। साथ ही विद्यालय में अतिरिक्त शिक्षकों की नियुक्ति की मांग भी दोहराई गई है।

Leave a Comment