अनुप सिंह
मझिआंव: नगर पंचायत क्षेत्र अंतर्गत ग्राम उचरी स्थित आर.के. पब्लिक स्कूल में शनिवार को एक भव्य अभिभावक-शिक्षक बैठक (PTM) का आयोजन किया गया, जिसमें नर्सरी से लेकर कक्षा 10वीं तक के एफए-2 परीक्षा के परिणाम घोषित किए गए।
कार्यक्रम की शुरुआत विद्यालय के प्राचार्य श्री के.आर. झा, प्रबुद्ध अभिभावकों और गणमान्य नागरिकों द्वारा पारंपरिक रूप से दीप प्रज्वलित कर और विद्या की देवी मां सरस्वती के चित्र पर पुष्प अर्पित कर की गई।

प्राचार्य श्री के.आर. झा ने अपने स्वागत भाषण में सभी अभिभावकों का स्वागत करते हुए परीक्षा परिणामों की घोषणा की और प्रत्येक कक्षा के ‘सर्वश्रेष्ठ वक्ता’ (Best Speaker) को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। उन्होंने सफल छात्रों और उनके अभिभावकों को बधाई देते हुए नए शैक्षणिक सत्र में बच्चों के समग्र विकास के लिए स्कूल की प्राथमिकताओं और प्रतिबद्धताओं को साझा किया।
बैठक के दौरान प्राचार्य ने ‘पेरेंटिंग कैलेंडर’ पर चर्चा की। उन्होंने अभिभावकों से आग्रह किया कि वे बच्चों पर विशेष नजर रखें और उन्हें चौमुखी विकास के अवसर प्रदान करें। इसके साथ ही उन्होंने विद्यालय में होने वाली विभिन्न प्रतियोगिताओं और सीबीएसई (CBSE) के नवीनतम दिशानिर्देशों से भी अवगत कराया।

इस अवसर पर प्रख्यात शिक्षाविद सह आर.के. ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस के अध्यक्ष श्री अलख नाथ पांडेय ने अपने संदेश के माध्यम से सभी छात्रों को बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। अध्यक्ष ने अभिभावकों को सलाह दी कि वे बच्चों के साथ गुणवत्तापूर्ण समय बिताएं, उन्हें मोबाइल फोन से दूर रखें और यह सुनिश्चित करें कि बच्चे नियमित रूप से स्कूल आएं और अपना गृहकार्य पूरा करें। पूरे कार्यक्रम का सफल संचालन श्री रूपेश कुमार पांडेय द्वारा किया गया।
कार्यक्रम के अंत में पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए प्राचार्य, शिक्षकों, अभिभावकों और छात्रों ने मिलकर स्कूल परिसर में फल, फूल और छायादार पौधे लगाए ताकि परिसर को हरा-भरा रखा जा सके।



