ई-केवाईसी के नाम पर अवैध तरीके से किया जा रहा था वसुली
अनुप सिंह
बरडीहा:प्रखंड के आदर पंचायत अंतर्गत आदर गांव में जन वितरण प्रणाली (PDS) के डीलर कुर्बान अंसारी द्वारा राशन कार्डधारियों से mandatory ई-केवाईसी के नाम पर अवैध वसूली करने और सरकार द्वारा जनहित में जारी निर्देशों का उल्लंघन करने का एक गंभीर मामला प्रकाश में आया है। सोशल मीडिया एवं स्थानीय जनप्रतिनिधि तथा आदर पंचायत के राशन कार्डधारियों से प्राप्त शिकायत को संज्ञान में लेते हुए प्रखंड विकास पदाधिकारी प्रवीण कुमार सिंह के द्वारा त्वरित कार्रवाई की गई है।

इस संबंध में बीडीओ श्री सिंह ने बताया कि शिकायत के अनुसार, शिकायत की गंभीरता को देखते हुए तत्काल प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी सुरंजन कुमार को मामले की ऑन-स्पॉट जांच कर प्रतिवेदन सौंपने का निर्देश दिया।
निर्देश के आलोक में शनिवार को ही प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी द्वारा संबंधित जन वितरण प्रणाली दुकान का औचक निरीक्षण किया गया। स्थल पर मौजूद कार्डधारियों के बयान और प्राथमिक साक्ष्यों के आधार पर डीलर के खिलाफ लगाए गए आरोप सत्य पाए गए हैं।
बताया गया कि डीलर कुर्बान अंसारी द्वारा गरीब एवं असहाय कार्डधारियों से प्रति व्यक्ति 50 रुपए (पचास रुपये) e-KYC शुल्क के रूप में अवैध रूप से वसूले जा रहे थे। पैसे न देने पर कार्डधारियों का e-KYC करने से मना कर दिया जा रहा था। इसके अतिरिक्त, सरकार द्वारा पूर्णतः निःशुल्क वितरित किए जाने वाले राशन के बदले कार्डधारियों से 2 रुपए प्रति किलो की दर से राशि वसूली की जा रही थी, जो कि पूरी तरह गैर-कानूनी है।

इस संबंध में प्रखंड विकास पदाधिकारी प्रवीण कुमार सिंह ने स्पष्ट रूप से कहा कि “सरकार द्वारा गरीबों के कल्याण के लिए चलाई जा रही योजनाओं में किसी भी स्तर पर भ्रष्टाचार या अवैध वसूली को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। e-KYC की प्रक्रिया पूरी तरह निःशुल्क है। प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी की जांच रिपोर्ट के आधार पर आरोपी डीलर कुर्बान अंसारी के विरुद्ध कार्रवाई के लिए विस्तृत प्रतिवेदन जिला आपूर्ति पदाधिकारी को भेजा जा रहा है।”

प्रखंड प्रशासन सभी प्रखंड वासियों को आश्वस्त करता है कि जनता के अधिकारों का हनन करने वाले किसी भी बिचौलिए या सरकारी तंत्र के अंग को बख्शा नहीं जाएगा। भविष्य में भी यदि किसी राशन दुकान पर ऐसी गड़बड़ी पाई जाती है, तो आम नागरिक सीधे प्रखंड मुख्यालय में इसकी शिकायत दर्ज करा सकते हैं।



