बबलू सिंह खुद भी मैदान में उतरे और पंजा लड़ाकर अपने हाथ आजमाए
अनुप सिंह भी मैदान में उतरह
मझिआंव: प्रखंड क्षेत्र के करमडीह स्थित मुखदेव हाई स्कूल+2 के मैदान में पंजा लड़ाओ प्रतियोगिता का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे बसपा के प्रदेश महासचिव अभिमन्यु सिंह उर्फ बबलू सिंह का आयोजन समिति एवं स्थानीय युवाओं ने माला पहनाकर भव्य स्वागत किया। इसके बाद उन्हें गुलदस्ता एवं अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया।
स्वागत एवं सम्मान समारोह के बाद अभिमन्यु सिंह उर्फ बबलू सिंह ने पंजा लड़ाओ कार्यक्रम का फीता काटकर विधिवत उद्घाटन किया। खास बात यह रही कि खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाने के लिए बबलू सिंह खुद भी मैदान में उतरे और पंजा लड़ाकर अपने हाथ आजमाए। मुख्य अतिथि को पंजा लड़ाते देख वहां मौजूद युवाओं और दर्शकों में खासा उत्साह देखने को मिला। इसके बाद पंजा लड़ाओ प्रतियोगिता के मुकाबलों की शुरुआत हुई।

कार्यक्रम के दौरान युवाओं ने हैरतअंगेज शक्ति प्रदर्शन भी किया। युवाओं ने अपने सिर और हाथ से नारियल फोड़कर उपस्थित लोगों को रोमांचित कर दिया। इसके बाद फोड़े गए नारियल का पानी मुख्य अतिथि अभिमन्यु सिंह उर्फ बबलू सिंह को पिलाया गया। युवाओं के इस अनोखे प्रदर्शन पर मैदान में मौजूद सैकड़ों लोगों ने तालियां बजाकर उनका उत्साहवर्धन किया।
इस अवसर पर बसपा प्रदेश महासचिव अभिमन्यु सिंह उर्फ बबलू सिंह ने कहा, “मैं लगभग 20 वर्षों से सामाजिक जीवन में सक्रिय हूं, लेकिन विश्रामपुर विधानसभा क्षेत्र में इस तरह का आयोजन पहली बार देखने को मिला है। इस प्रकार के आयोजन ग्रामीण क्षेत्र के युवाओं की प्रतिभा और क्षमता को सामने लाने का बेहतर माध्यम हैं। हमारे क्षेत्र के युवाओं में प्रतिभा की कोई कमी नहीं है, जरूरत है उन्हें उचित मंच और प्रोत्साहन देने की।”

उन्होंने कहा कि खेल युवाओं को शारीरिक और मानसिक रूप से मजबूत बनाने के साथ उनमें अनुशासन, आत्मविश्वास और प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित करता है। ग्रामीण क्षेत्रों में इस तरह के आयोजनों को बढ़ावा दिया जाना चाहिए, ताकि स्थानीय प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का अवसर मिल सके। उन्होंने आयोजन समिति और प्रतियोगिता में भाग लेने वाले सभी खिलाड़ियों को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
वहीं, मझिआंव जिला परिषद सदस्य धर्मेंद्र सिंह ने भी आयोजन की सराहना करते हुए युवाओं का उत्साहवर्धन किया। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में खेल प्रतिभाओं को मंच उपलब्ध कराने के लिए इस तरह की प्रतियोगिताएं बेहद महत्वपूर्ण हैं।

इस कार्यक्रम में समाजसेवी सुनिल चौहान,दिनेश सिंह ,हरिओम सिंह ,सुमन सिंह, रविंद्र सिंह ,राम इकबाल सिंह,संतोष शर्मा, जे.पी शर्मा जी, पप्पू शर्मा जी, राहुल कुमार,अभिषेक कुमार,अंकित सिंह,सुमित कुमार, रोहित सिंह, राजेंद्र सिंह, मनोज कुमार, गोलू सिंह, रमन सिंह, रोहित कुमार,आलोक कुमार सहित खिलाड़ी एवं सैकड़ों की संख्या में ग्रामीण लोग मौजूद थे।
प्रतियोगिता को लेकर पूरे क्षेत्र में उत्साह का माहौल रहा और रोमांचक मुकाबलों का दर्शकों ने जमकर आनंद उठाया।



