सड़क हादसे में राजद के पलामू जिला उपाध्यक्ष सुशील यादव का निधन, विश्रामपुर विधायक ने गहरा दुख व्यक्त किया 

अनुप सिंह

मेदिनीनगर: पलामू जिला राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के जिला उपाध्यक्ष एवं छतरपुर थाना क्षेत्र के सिलदाग गांव निवासी सुशील यादव की सड़क दुर्घटना में इलाज के दौरान मौत हो गई। बताया गया कि हजारीबाग जिले के बरही-चौपारण के बीच बने डायवर्सन में उनकी स्कॉर्पियो दुर्घटनाग्रस्त होकर गिर गई, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें रिम्स ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उनका निधन हो गया। वहीं विश्रामपुर विधानसभा क्षेत्र के विधायक नरेश प्रसाद सिंह ने गहरा दुख व्यक्त किया है।

हादसे में स्कॉर्पियो पर सवार रितेश मेडिकल के संचालक रितेश कुमार, डॉ. विनय यादव समेत एक अन्य व्यक्ति भी गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिनका निजी अस्पताल में उपचार चल रहा है। घटना पर राजद के अनुमंडलीय अध्यक्ष लवलेश यादव ने गहरा शोक व्यक्त करते हुए इसे पार्टी के लिए अपूरणीय क्षति बताया।

विधायक श्री सिंह ने अपने शोक संदेश में कहा कि स्वर्गीय सुशील यादव एक कर्मठ, जुझारू एवं संगठन के प्रति पूर्णतः समर्पित साथी थे। उन्होंने सामाजिक न्याय की विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने और संगठन को मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उनका असमय निधन न केवल राजद परिवार, बल्कि पूरे पलामू जिले के सामाजिक एवं राजनीतिक जीवन के लिए अपूरणीय क्षति है।

उन्होंने कहा कि ऐसे समर्पित कार्यकर्ता का अचानक हम सबके बीच से चले जाना अत्यंत मर्मांतक और पीड़ादायक है। उनके संघर्ष, सादगी, मिलनसार व्यक्तित्व और जनसेवा के प्रति समर्पण को सदैव याद किया जाएगा।

विधायक श्री सिंह ने ईश्वर से प्रार्थना की कि दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान प्रदान करें तथा शोकाकुल परिवार को इस असहनीय दुःख को सहन करने की शक्ति दें। साथ ही सड़क दुर्घटना में घायल सभी लोगों के शीघ्र एवं पूर्ण स्वास्थ्य लाभ की भी कामना की।

 

Leave a Comment