प्रखंड कार्यालय में ‘जनता दरबार’ का आयोजन,सेमरी, खरडीहा, जतरो बंजारी, बरडीहा व सलगा समेत कई गांवों के फरियादियों की उमड़ी भीड़, ज्यादातर मामले जमीन व रास्ते से जुड़े

 

सेमरी के भुइयां समाज के रास्ते की समस्या पर त्वरित एक्शन:

बीडीओ/सीओ प्रवीण कुमार सिंह कल सुबह 7 बजे खुद पहुंचेंगे गांव

 

कई जनसमस्याओं का मौके पर ‘ऑन द स्पॉट’ निष्पादन, शेष मामलों में जांच व कार्रवाई का दिया गया निर्देश

अनुप सिंह 

गढ़वा उपायुक्त के प्राप्त निर्देशों के आलोक में मंगलवार को बरडीहा प्रखंड सह अंचल कार्यालय परिसर में एक विशेष ‘जनता दरबार’ का आयोजन किया गया। जनता दरबार में प्रखंड क्षेत्र के सेमरी, खरडीहा, बरडीहा, जतरो बंजारी, सलगा सहित विभिन्न गांवों से आए बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने अपनी-अपनी समस्याएं अंचल अधिकारी प्रवीण कुमार सिंह के समक्ष रखीं।

जनता दरबार में प्राप्त आवेदनों में अधिकांश मामले भूमि विवाद और रास्तों के अतिक्रमण या रास्ते की अनुपलब्धता से संबंधित रहे।

भुइयां समाज के रास्ते की समस्या पर लिया त्वरित संज्ञान

सुनवाई के दौरान सेमरी गांव से आए ग्रामीणों ने ध्यान आकृष्ट कराया कि गांव में भुइयां समाज के लगभग 8 से 10 परिवार रहते हैं, जिनके पास आवागमन के लिए कोई सुगम रास्ता नहीं है। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए अंचल अधिकारी प्रवीण कुमार सिंह ने त्वरित पहल करते हुए ग्रामीणों को आश्वस्त किया।

उन्होंने मौके पर ही घोषणा की , की “बुधवार सुबह 7 बजे मैं स्वयं पैदल चलकर सेमरी गांव में आऊँगा। भुइयां समाज के सभी लोग व ग्रामीण मौके पर मौजूद रहें। जमीन व रास्ते की भौतिक स्थिति देखकर स्थल पर ही हर संभव समस्या का स्थायी समाधान निकाला जाएगा।”

कई मामलों का ऑन द स्पॉट समाधान

जनता दरबार के दौरान कई भूमि संबंधी और प्रशासनिक मामलों की त्वरित सुनवाई करते हुए मौके पर ही (ऑन द स्पॉट) समाधान किया गया। जिन मामलों में गहन जांच की आवश्यकता थी, उनके लिए संबंधित राजस्व उप-निरीक्षकों (हल्का कर्मचारी) एवं अधिकारियों को प्राथमिकता के आधार पर जांच कर अग्रतर विधि-सम्मत कार्रवाई करने का सख्त निर्देश दिया गया।

 

अंचल अधिकारी प्रवीण कुमार सिंह ने कहा कि आम जनता की समस्याओं का पारदर्शी व त्वरित समाधान प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। आम नागरिक अपनी किसी भी जायज समस्या के समाधान के लिए निडर होकर अंचल व प्रखंड कार्यालय से संपर्क कर सकते हैं।

Leave a Comment