अनुप सिंह
मझिआंव- श्रम, नियोजन, प्रशिक्षण एवं कौशल विकास विभाग, झारखंड सरकार के तत्वावधान में मुख्यमंत्री सारथी योजना के अंतर्गत निःशुल्क कौशल प्रशिक्षण के लिए मझिआंव प्रखंड परिसर में एक दिवसीय नामांकन शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में बड़ी संख्या में युवाओं ने भाग लेकर विभिन्न ट्रेडों में प्रशिक्षण प्राप्त करने के लिए आवेदन पत्र भरे।
शिविर के दौरान महिलाओं के लिए न्यूनतम शैक्षणिक योग्यता पांचवीं उत्तीर्ण तथा पुरुष अभ्यर्थियों के लिए दसवीं उत्तीर्ण निर्धारित की गई। आवेदन के लिए अभ्यर्थियों से दसवीं का प्रमाण पत्र (जहां लागू हो), आधार कार्ड, बैंक पासबुक तथा चार पासपोर्ट आकार के फोटो जमा कराए गए। योजना के लिए अभ्यर्थियों की आयु सीमा 18 से 35 वर्ष निर्धारित है।योजना के कर्मी चंदन कुमार यादव ने बताया कि प्रशिक्षण अवधि तीन से छह माह की होगी। प्रशिक्षण के दौरान आवास एवं भोजन की निःशुल्क व्यवस्था उपलब्ध कराई जाएगी। योजना के अंतर्गत असिस्टेंट इलेक्ट्रीशियन, सोलर इलेक्ट्रीशियन, सिलाई मशीन ऑपरेटर, असिस्टेंट ब्यूटी थेरेपिस्ट, डाटा एंट्री ऑपरेटर तथा जनरल ड्यूटी असिस्टेंट (जीडीए) नर्सिंग सहित विभिन्न रोजगारपरक ट्रेडों में प्रशिक्षण दिया जाएगा।

शिविर में उपस्थित अभ्यर्थियों को योजना की विस्तृत जानकारी देते हुए बताया गया कि प्रशिक्षण सफलतापूर्वक पूरा करने वाले युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने के लिए 100 प्रतिशत प्लेसमेंट का प्रयास किया जाएगा।बताया कि विभिन्न ट्रेडों के लिए 90 अभ्यर्थियों ने फॉर्म अप्लाई किया। प्रशिक्षण केंद्र का पता मुख्यमंत्री सारथी योजना शक्ति इन्फोटेक प्राइवेट लिमिटेड तिलता चौक,रिंग रोड,ओवरब्रिज के समीप रांची बताया गया। आयोजकों ने अधिक से अधिक पात्र युवाओं से योजना का लाभ उठाकर कौशल प्रशिक्षण प्राप्त करने और रोजगार के अवसरों से जुड़ने की अपील की। शिविर में सारथी योजना के कर्मी चंदन कुमार यादव,अनिता कुमारी,तनु कुमारी एवं छोटेलाल सहित काफी संख्या में अभ्यर्थी शामिल थे।

