अभाविप के उड़ान नवप्रवेशी विद्यार्थी अभिनंदन समारोह में उमड़ा विद्यार्थियों का उत्साह, शिक्षा के साथ व्यक्तित्व निर्माण का दिया गया संदेश

 

 

दृढ़ संकल्प के साथ अपने लक्ष्य की ओर निरंतर आगे बढ़ते रहें विद्यार्थी : प्रवीण 

अनुप सिंह 

कांडी : अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद की कांडी इकाई द्वारा सोमवार को आर. के. प्लस टू हाई स्कूल, कांडी परिसर में “उड़ान” नवप्रवेशी विद्यार्थी अभिनंदन समारोह का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में क्षेत्र के विभिन्न हिस्सों से विद्यालय आए नवप्रवेशी विद्यार्थियों, शिक्षकों, एवं गणमान्य नागरिकों की उत्साहपूर्ण सहभागिता रही।

पूरे कार्यक्रम में विद्यार्थियों के उत्साह, अनुशासन एवं राष्ट्रभावना की झलक देखने को मिली। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थिति बरडीहा प्रखण्ड विकास पदाधिकारी प्रवीण सिंह, विशिष्ट अतिथि पुलिस सब इंस्पेक्टर जुली टुडू, प्रभारी प्रधानाध्यापक मलय कु सिंह, अभाविप के प्रदेश कार्यसमिति सदस्य प्रिंस सिंह, नगर मंत्री लक्की चंद्रवंशी ने संयुक्त रूप से विद्या की देवी मां सरस्वती एवं स्वामी विवेकानंद के चित्र पर पुष्प अर्पित एवं दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इसके पश्चात अतिथियों का स्वागत अंगवस्त्र एवं पुष्पगुच्छ देकर किया गया। परिषद के कार्यकर्ताओं ने उपस्थित सभी अतिथियों एवं नवप्रवेशी विद्यार्थियों का आत्मीय स्वागत करते हुए उन्हें संगठन के उद्देश्य एवं कार्यों से अवगत कराया।

कार्यक्रम की मुख्य अतिथि बरडीहा प्रखण्ड के प्रखण्ड विकास पदाधिकारी प्रवीण सिंह ने कहा कि आज ‘उड़ान’ कार्यक्रम उपस्थित होकर मुझे अत्यंत हर्ष का अनुभव हो रहा है। यह कार्यक्रम विद्यार्थियों के स्वागत के साथ-साथ उनके व्यक्तित्व विकास, नेतृत्व क्षमता एवं राष्ट्रभावना को जागृत करने का एक सराहनीय प्रयास है।

विद्यार्थी किसी भी समाज और राष्ट्र की सबसे बड़ी शक्ति होते हैं। यदि वे अनुशासन, परिश्रम, नैतिकता और सामाजिक उत्तरदायित्व के साथ आगे बढ़ें, तो निश्चित ही एक सशक्त एवं विकसित भारत के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं। मैं सभी नवप्रवेशी विद्यार्थियों से आग्रह करता हूँ कि वे शिक्षा के साथ-साथ अपने चरित्र निर्माण, सामाजिक चेतना और सकारात्मक नेतृत्व के गुणों का भी विकास करें। सफलता उन्हीं को मिलती है जो कठिन परिश्रम, ईमानदारी और दृढ़ संकल्प के साथ अपने लक्ष्य की ओर निरंतर आगे बढ़ते हैं। वहीं संबोधित करते हुए विद्यालय के प्रभारी प्रधानाध्यापक मलय कु सिंह ने कहा कि विद्यालय एवं महाविद्यालय का जीवन केवल परीक्षा उत्तीर्ण करने का माध्यम नहीं, बल्कि अपने व्यक्तित्व को निखारने, नेतृत्व क्षमता विकसित करने तथा समाज के प्रति दायित्व निभाने का स्वर्णिम अवसर होता है। उन्होंने विद्यार्थियों से समय का सदुपयोग करने, अनुशासित जीवन अपनाने, नशामुक्त रहने, डिजिटल संसाधनों का सकारात्मक उपयोग करने तथा राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखते हुए अपने जीवन का लक्ष्य निर्धारित करने का आह्वान किया।

वहीं अभाविप के प्रदेश कार्यसमिति सदस्य प्रिंस सिंह संगठनात्मक विषयों कि चर्चा करते हुए कहा कि अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद केवल छात्रहित के मुद्दों पर संघर्ष करने वाला संगठन ही नहीं, बल्कि विद्यार्थियों में राष्ट्रभक्ति, नेतृत्व क्षमता, सामाजिक उत्तरदायित्व, अनुशासन एवं व्यक्तित्व विकास के संस्कारों का संवर्धन करने वाला विश्व का सबसे बड़ा छात्र संगठन है। परिषद का उद्देश्य विद्यार्थियों को केवल डिग्री प्राप्त करने तक सीमित नहीं रखना, बल्कि उन्हें समाज एवं राष्ट्र के प्रति जागरूक, संवेदनशील एवं उत्तरदायी नागरिक के रूप में विकसित करना है।

साथ ही परिषद द्वारा वर्षभर संचालित किए जाने वाले शैक्षणिक, सामाजिक, सांस्कृतिक, पर्यावरण संरक्षण, सेवा एवं नेतृत्व विकास से जुड़े विभिन्न कार्यक्रमों की जानकारी भी साझा की। तथा विशिष्ट अतिथि पुलिस सब इंस्पेक्टर जुली टुडू ने कहा कि वर्तमान समय में छात्राओं को बहलाने हेतु सोशल मीडिया का दुरुपयोग करके छात्राओं से दुर्व्यवहार करने की मामला अधिकांश सामने आती हैं। उन्होंने जीवन में सबों को कुछ बेहतर करने, कानूनी सलाह व ख़ास कर छात्राओं को प्रेरित करने दिशा में वक्तव्य रखीं।

वहीं धन्यवाद ज्ञापन नगर मंत्री लक्की चंद्रवंशी ने किया। तत्पश्चात कार्यक्रम की समाप्ति की घोषणा की गई।

कार्यक्रम में अभाविप के जिला संयोजक राजा यादव, युवा समाजसेवी दिनेश कुमार, अमोल मेहता, राहुल कुमार, सोनू पासवान, नीरज कुमार, शशि मेहता, सहित काफी संख्या में छात्र छात्राओं व विद्यालय शिक्षकों की उपस्थिति रही।

Leave a Comment