शिक्षा, स्वास्थ्य, स्वच्छता, सामाजिक समरसता और विकास के क्षेत्र में सभी के सहयोग से बेहतर परिणाम हासिल किए जा सकते हैं :एसडीओ मोहम्मद प्रवेज
सचितानंद जी
रंका (गढ़वा): अनुमंडल मुख्यालय रंका सहित आसपास के ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में 80वां स्वतंत्रता दिवस समारोह हर्षोल्लास, उमंग और राष्ट्रीय भावना से ओत-प्रोत होकर मनाया गया। सरकारी कार्यालयों, पुलिस प्रतिष्ठानों, विद्यालयों, स्वास्थ्य केंद्रों एवं विभिन्न संस्थानों में पूरे सम्मान और गरिमापूर्ण वातावरण में राष्ट्रीय ध्वज फहराया गया। सुबह से ही पूरा अनुमंडल देशभक्ति के रंग में रंगा नजर आया। विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने परेड, सांस्कृतिक कार्यक्रमों एवं अन्य गतिविधियों के माध्यम से स्वतंत्रता दिवस समारोह में उत्साहपूर्वक भाग लिया।

स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर राष्ट्रीय ध्वजारोहण कार्यक्रम की शुरुआत पूर्वाह्न 9 बजे अनुमंडल पदाधिकारी के आवासीय कार्यालय से हुई। अनुमंडल पदाधिकारी मोहम्मद प्रवेज ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया और राष्ट्रगान के साथ तिरंगे को सलामी दी। इसके बाद पूर्वाह्न 9:15 बजे अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के आवासीय कार्यालय में डीएसपी रोहित रंजन सिंह ने ध्वजारोहण किया। इसके पश्चात अनुमंडल पदाधिकारी कार्यालय परिसर में पूर्वाह्न 9:25 बजे अनुमंडल पदाधिकारी मोहम्मद प्रवेज ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया।
इस अवसर पर उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए अनुमंडल पदाधिकारी मोहम्मद प्रवेज ने सभी गणमान्य नागरिकों, अधिकारियों, कर्मचारियों एवं क्षेत्रवासियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता दिवस हमें देश की आजादी के लिए अपने प्राणों की आहुति देने वाले वीर स्वतंत्रता सेनानियों के संघर्ष, त्याग और बलिदान को याद करने का अवसर प्रदान करता है। उन्होंने अनुमंडल प्रशासन को और अधिक सशक्त एवं जनोन्मुखी बनाने तथा बेहतर कार्य प्रणाली के माध्यम से आम जनता के साथ मजबूत एवं बेहतर संबंध स्थापित करने की प्रतिबद्धता दोहराई।

इसके बाद अनुमंडलीय अधिवक्ता संघ के कार्यालय में रेवती रमन सिंह ने ध्वजारोहण किया। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रंका में चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. आजाद अंसारी ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया। इसके बाद रंका थाना पुलिस निरीक्षक कार्यालय में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी डीएसपी रोहित रंजन सिंह ने ध्वजारोहण किया। रंका थाना परिसर में सदर थाना प्रभारी रवि कुमार केसरी ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया और पुलिस पदाधिकारियों एवं जवानों ने तिरंगे को सलामी दी।
इसी क्रम में प्रखंड संसाधन केंद्र रंका में प्रखंड प्रबंधक रवि कुमार सिंह ने ध्वजारोहण किया। कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय में वार्डेन एनिमा बेक ने तिरंगा फहराया। नेताजी सुभाष चंद्र बोस आवासीय विद्यालय में वार्डेन आशा तिग्गा ने ध्वजारोहण किया। परियोजना कन्या उच्च विद्यालय में विद्यालय के प्रधानाध्यापक सुधीर कुमार रजक, राजकीय कृत उच्च विद्यालय में प्रधानाध्यापक इंद्र नारायण झा तथा आदर्श बाल विकास विद्यालय में प्राचार्य संजीव कुमार प्रजापति ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया।

प्रखंड परिसर में प्रखंड प्रमुख लीलावती देवी ने ध्वजारोहण किया। इस दौरान प्रखंड कार्यालय के अधिकारी, कर्मचारी, जनप्रतिनिधि एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे। विभिन्न स्थानों पर आयोजित ध्वजारोहण कार्यक्रम के दौरान लोगों ने देश की एकता, अखंडता और संप्रभुता की रक्षा का संकल्प लिया।
स्वतंत्रता दिवस समारोह का मुख्य कार्यक्रम अनुमंडल मुख्यालय स्थित राजकीय कृत उच्च विद्यालय के मैदान में आयोजित किया गया। यहां सार्वजनिक ध्वजारोहण अनुमंडल पदाधिकारी मोहम्मद प्रवेज ने किया। राष्ट्रीय ध्वज फहराए जाने के बाद उपस्थित लोगों ने राष्ट्रगान गाया। इसके बाद विभिन्न सरकारी एवं निजी विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने अनुशासित परेड के माध्यम से मुख्य अतिथि को सलामी दी। परेड में शामिल बच्चों के उत्साह और अनुशासन ने उपस्थित लोगों का मन मोह लिया।

मुख्य समारोह में अनुमंडल पदाधिकारी ने स्वतंत्रता दिवस के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि देश की आजादी केवल राजनीतिक स्वतंत्रता नहीं है, बल्कि यह प्रत्येक नागरिक को अपने अधिकारों और कर्तव्यों के प्रति जागरूक होने का अवसर भी देती है। उन्होंने कहा कि समाज के विकास में प्रशासन के साथ आम नागरिकों की भी महत्वपूर्ण भूमिका है। शिक्षा, स्वास्थ्य, स्वच्छता, सामाजिक समरसता और विकास के क्षेत्र में सभी के सहयोग से बेहतर परिणाम हासिल किए जा सकते हैं।
समारोह के दौरान विद्यालयों के छात्र-छात्राओं में विशेष उत्साह देखा गया। बच्चे हाथों में तिरंगा लेकर देशभक्ति के नारों के साथ समारोह स्थल पर पहुंचे। विद्यालयों में भी स्वतंत्रता दिवस को लेकर विशेष तैयारियां की गई थीं। कई स्थानों पर देशभक्ति गीत, भाषण, सांस्कृतिक कार्यक्रम और विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया।

मुख्य समारोह में एसपी फिजिकल अकादमी के निदेशक राकेश कुमार, यंग स्पोर्ट्स क्लब के सत्येंद्र कुमार रवि, रवि रंजन कुमार, नंदू उरांव, हरिशंकर पांडेय, धीरज कुमार सिंह, अवधेश कुमार पांडेय, संजय कुमार सिन्हा, संकुल प्रभारी संजय प्रसाद, केडी कोचिंग सेंटर के अंकित कुमार यादव, दीपक कुमार, आदर्श बाल विकास विद्यालय के निदेशक रामचंद्र प्रजापति, मयंक कुमार, सेवानिवृत्त शिक्षक कुलदीप ठाकुर, अनमोल कुमार चौबे, आरती कुमारी, साधना सिंह, कल्पना कुमारी, पुष्पा कुमारी, आराधना सिंह, छाया रानी, हिमांशु, रूबी कुमारी, सुमन देवी सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।
इसके अलावा क्षेत्र के जाने-माने खिलाड़ी सत्येंद्र कुमार यादव, महेंद्र कुमार गुप्ता, राजमणि लकड़ा, उपेंद्र कुमार रवि, सुजीत कुमार चौबे, श्रवण कुमार ठाकुर, चंदन कुमार ठाकुर, समाजसेवी दिनेश कुमार गुप्ता, उत्तम कुमार पांडेय, सुनील माली, जनप्रतिनिधि राजेश कुमार मद्धेशिया, शिव शंकर राम तथा रंका कला पंचायत के मुखिया रंजीत कुमार सोनी सहित काफी संख्या में खिलाड़ी, खेल प्रेमी, शिक्षक, अभिभावक और स्थानीय लोग उपस्थित थे।

पूरे कार्यक्रम के दौरान भारत माता की जय और वंदे मातरम् के नारों से वातावरण गूंजता रहा। लोगों ने देश के वीर शहीदों और स्वतंत्रता सेनानियों को श्रद्धापूर्वक याद किया। स्वतंत्रता दिवस समारोह ने अनुमंडल क्षेत्र में राष्ट्रीय एकता, भाईचारे और देशभक्ति की भावना को और मजबूत किया। सरकारी एवं गैर-सरकारी संस्थानों में आयोजित कार्यक्रमों के माध्यम से लोगों ने स्वतंत्रता की रक्षा करने, लोकतांत्रिक मूल्यों को मजबूत बनाने तथा क्षेत्र के विकास में अपनी सक्रिय भागीदारी निभाने का संदेश दिया।
इस प्रकार रंका अनुमंडल में 80वां स्वतंत्रता दिवस समारोह पूरे उत्साह, उमंग, अनुशासन और राष्ट्रभक्ति की भावना के साथ संपन्न हुआ। सुबह से लेकर मुख्य समारोह तक विभिन्न स्थानों पर तिरंगा शान से लहराता रहा और पूरा अनुमंडल देशभक्ति के रंग में सराबोर नजर आया।

