अनुप सिंह
गढ़वा:- बरडीहा थाना क्षेत्र के बरडीहा के अंबेडकर टोला में गुरुवार कि देर शाम एक नवविवाहिता का शव संदिग्ध परिस्थिति में उसके घर से बरामद होने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। मृतका की पहचान रंजीत राम की करीब 19 वर्षीय पत्नी सत्यवती देवी के रूप में हुई है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। वहीं, मृतका के पिता के आवेदन के आधार पर पुलिस ने उसके पति रंजीत राम को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार गांव में सीताराम की पत्नी के दाह संस्कार में रंजीत राम, उसके पिता नकुल राम और मां गए हुए थे। इसी दौरान घर में सत्यवती देवी अकेली थी। परिजन जब वापस लौटे तो उन्होंने सत्यवती को करकट के घर में बल्ली के सहारे दुपट्टे से लटका हुआ देखा। इसके बाद परिजनों ने शव को नीचे उतारा और घटना की सूचना बरडीहा थाना पुलिस को दी।

सूचना मिलते ही थाना प्रभारी ऋषिकेश कुमार सिंह के निर्देश पर एसआई अनिल कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की। पुलिस ने घटना की जानकारी मृतका के मायके वालों को दी। देर शाम पलामू जिले के जपला थाना क्षेत्र के चन्नी गांव निवासी मृतका के पिता अशोक राम सहित अन्य परिजन बरडीहा पहुंचे।

मृतका के पिता और परिजनों ने आरोप लगाया कि मई 2026 में सत्यवती की शादी हुई थी। शादी के बाद से ही ससुराल पक्ष द्वारा कूलर और फ्रिज की मांग की जाती थी। परिजनों ने आशंका जताई कि उनकी पुत्री की हत्या की गई है। गले के नीचे भी कई निसान है।
वहीं मृतिका के भाई अजीत कुमार ने बताया कि बहनोई और उसके घर वाले पहले भी गाली गलौज किए थे, और बहनोई मार-पीट कर रहा था और रात्रि में भगा रहा था तो बहन दुसरे के यहां भाग कर अपनी जान बचाई थी। बहन फोन कर के बताई है उसका फोन रिकॉर्डिंग के रूप में साक्ष्य है। जो भी किया वो बहुत गलत किया है।

थाना प्रभारी ऋषिकेश कुमार सिंह ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा था, लेकिन पुलिस सभी बिंदुओं पर जांच कर रही है। शुक्रवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है। मृतका के परिजनों के आवेदन के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
इधर बरडीहा थाना कांड संख्या 57/26, दिनांक 21 अगस्त 2026, धारा 80/3(5) बीएनएस के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस ने प्राथमिकी अभियुक्त सह मृतका के पति रंजीत राम (29 वर्ष), पिता नकुल राम, बरडीहा के अंबेडकर टोला निवासी को गिरफ्तार कर न्यायालय में अग्रसारित कर दिया है।



