उमेश कुमार
रमना: प्रखंड के मानदोहर स्थित राजकीय मध्य विद्यालय सिलीदाग-01 के रसोईघर का ताला काटकर चोरों ने तीन गैस सिलेंडर चोरी कर लिया। मामले को लेकर प्रधानाध्यापक फुलेंद्र राम ने रमना थाना में आवेदन देकर अज्ञात चोरों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की है।

प्रधानाध्यापक के अनुसार, बुधवार की मध्यरात्रि चोरों ने विद्यालय परिसर में घुसकर रसोईघर का ताला काटा और वहां रखे तीन गैस सिलेंडर लेकर फरार हो गए। गुरुवार सुबह रसोइया विद्यालय पहुंची तो ताला टूटा मिला। इसके बाद प्रधानाध्यापक को सूचना दी गई। सिलेंडर चोरी होने से बच्चों के मिड-डे मील पर असर पड़ने की आशंका जताई जा रही है। मौक पर पहुंचे थाना प्रभारी आकाश कुमार ने घटनास्थल का जायजा लेकर छानबीन शुरू कर दी है।



