अनुप सिंह
गढ़वा:- मझिआंव शहर में इन दिनों बिजली की अनियमित आपूर्ति ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी है। एक ओर दिन में चिलचिलाती धूप और उमस भरी गर्मी से लोग परेशान हैं तो दूसरी तरफ रात्रि में बिजली गूल हो जाने से शहरवासियों का जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। बिजली नहीं रहने के कारण रात्रि में उमस भरी गर्मी से लोगों का नींद लेना दूभर हो गया है।
जिसके कारण हाइपरटेंशन बीमारी बढ़ने की प्रबल संभावना जताई जा रही है। उपभोक्ताओं का आरोप है कि बिजली विभाग की लचर व्यवस्था के कारण उन्हें लगातार परेशानी झेलनी पड़ रही है।

पिछले कुछ दिनों से शहरी क्षेत्र एवं ग्रामीण क्षेत्रों में कभी 12 घंटे तो कभी 18 घंटे तक बिजली गुम हो जा रही।बिजली की अनियमित आपूर्ति जारी रहने से घरों में पंखे, कूलर और अन्य विद्युत उपकरण ठीक से नहीं चल पा रहे हैं। सबसे अधिक परेशानी बच्चों, बुजुर्गों और बीमार लोगों को हो रही है। उमस भरी गर्मी से राहत पाने के लिए लोग बिजली का रात – रात भर इंतजार करते रहते हैं, लेकिन थोड़ी देर आपूर्ति के बाद पुनः बिजली गुल हो जाती है।
स्थानीय उपभोक्ताओं का कहना है कि बिजली कटने के बाद कई बार विभागीय स्तर पर शिकायत करने के बावजूद समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो रहा है। अचानक बिजली कटने और बीच बीच में लो-वोल्टेज की समस्या से घरेलू उपकरणों के खराब होने का भी खतरा बना रहता है।
शहरवासियों ने विभाग के वरीय अधिकारियों से विद्युत आपूर्ति व्यवस्था में सुधार करने, बार-बार होने वाले फॉल्ट को दुरुस्त कराने तथा नियमित बिजली उपलब्ध कराने की मांग की है। लोगों का कहना है कि भीषण गर्मी के मौसम में निर्बाध बिजली आपूर्ति अत्यंत आवश्यक है। यदि व्यवस्था में शीघ्र सुधार नहीं हुआ तो उपभोक्ताओं की परेशानी और बढ़ सकती है।

