उमेश कुमार
रमना: प्रखंड मुख्यालय सहित आसपास के ग्रामीण इलाकों में मंगलवार को नकली व मिलावटी मिठाई की बिक्री पर रोक लगाने को लेकर प्रशासन व पुलिस ने अभियान चलाया। अंचल पदाधिकारी विकास पांडेय और थाना प्रभारी आकाश कुमार ने विभिन्न मिठाई दुकानों का जायजा लेते हुए दुकानदारों को आवश्यक निर्देश दिए। अधिकारियों ने दुकानदारों को मिठाई बनाने व बेचने के दौरान स्वच्छता का विशेष ध्यान रखने तथा नियमानुसार अनुज्ञप्ति लेने की हिदायत दी।

अधिकारियों ने कहा कि मिठाई तैयार करने में गुणवत्तापूर्ण सामग्री का ही इस्तेमाल किया जाए। मिलावटी अथवा रासायनिक पदार्थों से तैयार मिठाई की बिक्री किसी भी परिस्थिति में नहीं की जानी चाहिए। ऐसी मिठाई की बिक्री की सूचना मिलने पर प्रशासन की ओर से तत्काल कार्रवाई की जाएगी।

सीओ विकास पांडेय ने दुकानदारों को स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि खाद्य सामग्री की गुणवत्ता और स्वच्छता से किसी प्रकार का समझौता नहीं किया जाए। वहीं थाना प्रभारी आकाश कुमार ने कहा कि मिलावटी मिठाई की शिकायत मिलने पर दुकान से मिठाई का सैंपल जब्त कर जांच के लिए भेजा जाएगा। जांच में मिलावट की पुष्टि होने पर संबंधित दुकानदार के विरुद्ध आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
अभियान के दौरान अधिकारियों ने दुकानदारों को नियमों का पालन करने और ग्राहकों के स्वास्थ्य के प्रति जिम्मेदार रहने की भी सलाह दी।

