अनुप सिंह
बरडीहा थाना क्षेत्र के बरछा बांध गांव में बुधवार को जमीनी विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच जमकर मारपीट हो गई। मारपीट की घटना में एक पक्ष के पति-पत्नी समेत तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों में विजय यादव (45 वर्ष), उनकी पत्नी लीलावती देवी (40 वर्ष) एवं विनय यादव (35 वर्ष) शामिल हैं। तीनों का प्राथमिक उपचार मझिआंव सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में कराया गया, जहां चिकित्सकों ने गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए गढ़वा सदर अस्पताल रेफर कर दिया।

घायल विजय यादव 45 वर्ष
घायल विजय यादव ने बताया कि उनकी निजी जमीन पर दूसरे पक्ष के लोगों द्वारा आपत्ति जताई जा रही थी। मामले को लेकर उन्होंने अंचल कार्यालय एवं एसडीओ के समक्ष आवेदन दिया था। इसके बाद सरकारी अमीन से जमीन की मापी कराई गई। विजय यादव के अनुसार, मापी के बाद बुधवार को वे अपनी निजी जमीन पर धान की रोपाई के लिए बिछड़ा सोह रहे थे। इसी दौरान दूसरे पक्ष के लोग वहां पहुंचे और विवाद बढ़ने के बाद लाठी-डंडे एवं टांगी से मारपीट कर उन्हें, उनकी पत्नी तथा विनय यादव को घायल कर दिया।

घायल लीलावती देवी 40 वर्ष
विजय यादव ने मारपीट का आरोप विकास यादव, अजय यादव, आनंद यादव, धर्मेंद्र यादव, लालमुनि यादव, अविनाश यादव, बाबूलाल यादव, बबलू यादव, बचनदेव यादव, किसमतीया देवी, मिन्ता देवी, राकेश यादव एवं रामखेलावन यादव पर लगाया है।

घायल विनय यादव 35 वर्ष
घटना के बाद परिजन एवं ग्रामीणों की मदद से सभी घायलों को इलाज के लिए मझिआंव सीएचसी पहुंचाया गया। चिकित्सक डॉ. वीरेंद्र कुमार ने प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर स्थिति को देखते हुए गढ़वा सदर अस्पताल रेफर कर दिया। घटना को लेकर गांव में तनाव का माहौल बताया जा रहा है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।


