साधारण किसान परिवार से निकलकर प्रशासनिक सेवा तक का सफर बना युवाओं के लिए प्रेरणा; महज दो माह के कार्यकाल में जनता के बीच बनाई अमिट छाप
अनुप सिंह
गढ़वा:- झारखंड प्रशासनिक सेवा के अधिकारी सह बरडीहा प्रखंड विकास पदाधिकारी प्रवीण कुमार सिंह को राज्य के प्रतिष्ठित तकनीकी संस्थान बीआईटी सिंदरी (धनबाद) द्वारा नवप्रवेशी बी.टेक छात्रों (सत्र 2026–2030) के इंडक्शन प्रोग्राम में बतौर अतिथि वक्ता आमंत्रित किया गया है। संस्थान के निदेशक प्रो. (डॉ.) पंकज राय द्वारा भेजे गए आधिकारिक आमंत्रण पत्र के अनुसार, उन्हें 6 सितंबर 2026 को संस्थान परिसर में आयोजित कार्यक्रम में विद्यार्थियों के बीच प्रेरक उद्बोधन (Motivational Address) देने हेतु आमंत्रित किया गया है।
प्रखंड विकास पदाधिकारी के रूप में अपने महज दो महीने के संक्षिप्त कार्यकाल में ही श्री सिंह ने अपनी संवेदनशीलता, कार्यशैली और त्वरित निर्णयों से बरडीहा की जनता का दिल जीत लिया है। उन्होंने लंबे समय से लंबित पड़ी जनसमस्याओं का धरातल पर समाधान कर प्रशासनिक व्यवस्था में आम जनता का भरोसा पुनः स्थापित किया है। उनकी कार्यशैली का ही परिणाम है कि जिस प्रखंड सह अंचल कार्यालय में जाने से पहले आम लोग झिझकते और कतराते थे, आज वहां प्रतिदिन सैकड़ों ग्रामीणों का तांता लगा रहता है। जनता सीधे और बेझिझक अपनी समस्याएं लेकर उनके पास पहुंचती है और उन्हें समाधान की पूरी उम्मीद रहती है।

क्षेत्र में उनकी लोकप्रियता का आलम यह है कि वे क्षेत्र भ्रमण या निरीक्षण के क्रम में जिस भी गांव में पहुंचते हैं, उन्हें देखने और अपनी बात साझा करने के लिए ग्रामीणों का हुजूम उमड़ पड़ता है। एक कुशल प्रशासक के साथ-साथ एक सच्चे जनसेवक के रूप में उनकी यह कार्यशैली पूरे क्षेत्र में चर्चा का विषय बनी हुई है।
बीआईटी सिंदरी जैसे प्रतिष्ठित मंच से आमंत्रण मिलना उनके व्यक्तित्व और संघर्ष की एक बड़ी मान्यता है। एक बेहद साधारण कृषक परिवार और ग्रामीण पृष्ठभूमि से निकलकर, तमाम अभावों के बीच कड़े संघर्ष और अटूट परिश्रम से प्रशासनिक सेवा में स्थान बनाना अपने आप में मिसाल है। एक किसान पुत्र के रूप में जमीन से जुड़े रहकर जनता की सेवा करना और फिर देश के शीर्ष तकनीकी संस्थान के मंच से भविष्य के अभियंताओं का मार्गदर्शन करना पूरे क्षेत्र के लिए गौरव का क्षण है।

बीआईटी सिंदरी प्रबंधन के अनुसार, नए शैक्षणिक सत्र में प्रवेश ले रहे विद्यार्थियों को जीवन की वास्तविक चुनौतियों से रूबरू कराने, उनमें आत्मविश्वास भरने और लक्ष्य के प्रति समर्पित रहने का पाठ पढ़ाने के उद्देश्य से उन्हें आमंत्रित किया गया है।
प्रशासनिक नेतृत्व और जमीनी स्तर पर उत्कृष्ट सेवा का उदाहरण पेश कर रहे श्री सिंह का यह प्रेरक उद्बोधन विद्यार्थियों के दृष्टिकोण और आकांक्षाओं पर गहरा प्रभाव डालेगा।
श्री सिंह को मिले इस आमंत्रण और उनके जनहितैषी कार्यों की सराहना करते हुए क्षेत्र के प्रबुद्ध नागरिकों, जनप्रतिनिधियों एवं स्थानीय नेता ने हर्ष व्यक्त किया है।

