अनुप सिंह
भवनाथपुर: थाना क्षेत्र के चपरी पंचायत अंतर्गत टीकर टोला में कृष्ण जन्माष्टमी की मूर्ति विसर्जन की तैयारी के दौरान डीजे गिरने से 9 वर्षीय बच्चा घायल हो गया। घायल बच्चे की पहचान फूजेल अंसारी के रूप में हुई है। घटना के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने तत्काल उसे भवनाथपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया।

लोगों के अनुसार, टीकर टोला में कृष्ण जन्माष्टमी की मूर्ति विसर्जन को लेकर पिकअप वाहन पर सूरज डीजे बांधा जा रहा था। इसी दौरान नीचे खड़े फूजेल अंसारी के ऊपर डीजे गिर गया। हादसे में बच्चे के सिर में गंभीर चोट आई।
घटना के बाद वहां अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों की मदद से घायल बच्चे को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भवनाथपुर पहुंचाया गया। यहां चिकित्सक डॉ. खुसतर अंसारी ने बच्चे का प्राथमिक उपचार किया। बच्चे की स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए उसे सदर अस्पताल गढ़वा रेफर कर दिया गया।

