अनुप सिंह
मझिआंव:- थाना अंतर्गत मझिआंव-गढ़वा मुख्य सड़क पर बकोइया प्राथमिक विद्यालय के समीप मंगलवार को टोटो और कार के बीच जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में टोटो चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। दुर्घटना के बाद मौके पर जुटे लोगों ने काफी मशक्कत कर चालक को टोटो से बाहर निकाला और तत्काल मझिआंव रेफरल अस्पताल पहुंचाया।
घायल की पहचान पलामू जिले के हैदरनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत परता गांव निवासी नागेंद्र मिश्रा के 35 वर्षीय पुत्र प्रदीप कुमार मिश्रा के रूप में हुई है। अस्पताल में चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए गढ़वा सदर अस्पताल रेफर कर दिया।

परिजनों के अनुसार, प्रदीप कुमार मिश्रा गढ़वा से खराब टोटो को बनवा कर मझिआंव की ओर लौट रहा था।इसी दौरान बकोइया प्राथमिक विद्यालय के समीप टोटो की कार से जोरदार टक्कर हो गई। दुर्घटना में उसके दाहिने हाथ और पैर की हड्डी में गंभीर चोट आई, जिससे दोनों अंगों की स्थिति गंभीर बताई गई है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टोटो चालक दुर्घटना के बाद वाहन के हैंडल में बुरी तरह फंस गया था। काफी प्रयास के बाद स्थानीय लोगों ने उसे बाहर निकाला। प्रत्यक्षदर्शियों ने चालक के शराब के नशे में होने की बात भी कही है। टक्कर में कार (एक्सयूवी 3XO) संख्या बीआर 26 एसी 9945 भी क्षतिग्रस्त हुई है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जानकारी ली। पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है।

