मोरबे विद्यालय में कबड्डी कोर्ट की पूजा,राज्य चैंपियनशिप के लिए खिलाड़ियों को दी शुभकामनाएं

अनूप सिंह

मझिआंव (गढ़वा):- प्रखंड क्षेत्र के उत्क्रमित उच्च विद्यालय मोरबे में शुक्रवार को कबड्डी खिलाड़ियों की सफलता और आगामी प्रतियोगिता को लेकर कबड्डी कोर्ट का विधिवत पूजा-अर्चना की गई। विद्यालय के प्रधानाध्यापक हरेंद्र कुमार रवि के नेतृत्व में शिक्षक, सहयोगी कर्मचारी एवं खिलाड़ियों ने पूजा में भाग लिया। इस दौरान साहिबगंज में आयोजित होने वाले जूनियर स्टेट कबड्डी चैंपियनशिप में जिले का प्रतिनिधित्व करने वाले खिलाड़ियों को बेहतर प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं दी गईं।

पूजा-अर्चना के बाद विद्यालय परिसर में खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए प्रधानाध्यापक हरेंद्र कुमार रवि ने कहा कि खेल विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास का महत्वपूर्ण माध्यम है। खिलाड़ियों को अनुशासन, टीम भावना और निरंतर अभ्यास के साथ प्रतियोगिता में अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करना चाहिए। उन्होंने खिलाड़ियों को प्रतियोगिता में सफलता के लिए शुभकामनाएं देते हुए कहा कि वे अपने प्रदर्शन से विद्यालय और जिले का नाम रोशन करें।वहीं गढ़वा जिला कबड्डी संघ के अध्यक्ष विकास स्वदेशी और सचिव राजू उरांव ने भी खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाते हुए जूनियर स्टेट चैंपियनशिप के लिए शुभकामनाएं दीं। खिलाड़ियों के अभिभावकों ने भी उनके उज्ज्वल प्रदर्शन की कामना की।

बताया गया कि साहिबगंज में होने वाली राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में जिले के खिलाड़ी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। कार्यक्रम के दौरान खिलाड़ियों में प्रतियोगिता को लेकर खासा उत्साह नजर आया। उपस्थित लोगों ने खिलाड़ियों का मनोबल बढ़ाते हुए पूरी लगन और खेल भावना के साथ मैदान में उतरने का आह्वान किया। मौके पर हरेंद्र पासवान, प्रणव कुमार, अभिषेक सिंह सहित अन्य शिक्षक एवं सहयोगी मौजूद रहे।

Leave a Comment