SIR कार्य में लापरवाही पर BTM-ATM पर बरडीहा बीडीओ का कड़ा रुख

24 घंटे में योगदान नहीं करने पर सेवामुक्ति की अनुशंसा की चेतावनी

अनूप सिंह 

बरडीहा:- भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर 077 विश्रामपुर विधानसभा क्षेत्र में चल रहे विशेष सघन पुनरीक्षण (SIR) कार्य में लापरवाही बरतना बरडीहा प्रखंड तकनीकी प्रबंधक (BTM) आकाश कुमार सिंह और सहायक तकनीकी प्रबंधक (ATM) आशुतोष कुमार को भारी पड़ सकता है। निर्वाचन कार्य से अनधिकृत रूप से अनुपस्थित रहने और अनुशासनहीनता के मामले में बरडीहा बीडीओ-सह-अतिरिक्त सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी प्रवीण कुमार सिंह ने दोनों कर्मियों के खिलाफ कड़ा रुख अपनाया है।

इस संबंध में बीडीओ ने जिला कृषि पदाधिकारी-सह-परियोजना निदेशक (आत्मा), गढ़वा को पत्र भेजकर आवश्यक कार्रवाई की अनुशंसा की है। पत्र में कहा गया है कि दोनों कर्मी न तो नियमित रूप से प्रखंड मुख्यालय में निवास कर रहे हैं और न ही कार्यालय में अपनी उपस्थिति दर्ज करा रहे हैं। जबकि उन्हें SIR के तहत मतदाता सूची की विसंगतियों के निष्पादन और भौतिक सुनवाई जैसे महत्वपूर्ण एवं समयबद्ध निर्वाचन कार्य में प्रतिनियुक्त किया गया है। कहा गया है कि दोनों कर्मियों की अनुपस्थिति से निर्वाचन कार्य प्रभावित हो रहा है। पूर्व में भी उनसे स्पष्टीकरण मांगा गया था, लेकिन संतोषजनक जवाब नहीं दिया गया। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि योगदान और विधिवत स्पष्टीकरण दिए जाने तक दोनों के वेतन निकासी पर रोक रहेगी।

बीडीओ प्रवीण सिंह ने चेतावनी दी है कि 24 घंटे के भीतर निर्वाचन कार्य में योगदान नहीं करने पर सेवा से बर्खास्तगी की अनुशंसा उच्चाधिकारियों को भेजी जाएगी। उन्होंने कहा कि निर्वाचन जैसे अतिमहत्वपूर्ण और संवेदनशील कार्य में किसी भी स्तर पर लापरवाही या अनुशासनहीनता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

Leave a Comment