वीआईपी गली और भंडारी टोला में जलनिकासी की समस्या से लोगों को हो रही परेशानी, ईओ ने जल्द कार्रवाई का दिया आश्वासन
अनूप सिंह
मझिआंव(गढ़वा):- नगर पंचायत के वार्ड नंबर-5 में सड़क और नाली की बदहाल स्थिति को लेकर लोगों की परेशानी बढ़ती जा रही है। वीआईपी गली और भंडारी टोला में जर्जर सड़क तथा नाली की समस्या के समाधान की मांग को लेकर युवा समाजसेवी मारुत नंदन सोनी ने शनिवार को नगर पंचायत के कार्यपालक पदाधिकारी शैलेश कुमार को आवेदन सौंपा है। उन्होंने दोनों स्थानों पर शीघ्र पीसीसी सड़क एवं नाली का निर्माण कराने की मांग की है।
आवेदन में समाजसेवी ने बताया है कि वार्ड-5 की वीआईपी गली की सड़क काफी समय से खराब स्थिति में है। सड़क को जेसीबी से तोड़कर छोड़ दिए जाने के कारण आवागमन में स्थानीय लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। वहीं, सड़क के किनारे बनी नाली भी पूरी तरह जर्जर हो चुकी है। नाली की समुचित व्यवस्था नहीं होने से जलनिकासी की समस्या बनी रहती है।

इसी तरह भंडारी टोला में पूर्व से बनी नाली से पानी की निकासी नहीं हो पा रही है। जलजमाव के कारण सड़क भी लगातार खराब होती जा रही है। बरसात के दिनों में स्थिति और गंभीर हो जाने से स्थानीय लोगों को आने-जाने में परेशानी उठानी पड़ रही है।
मारुत नंदन सोनी ने नगर पंचायत प्रशासन से जनहित में दोनों स्थानों की समस्या का स्थायी समाधान कराने की मांग की है। इस संबंध में कार्यपालक पदाधिकारी शैलेश कुमार ने आश्वासन दिया कि समस्या का जल्द निरीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई करते हुए सड़क और नाली को दुरुस्त कराया जाएगा।

