विद्यालय में घुसकर शिक्षिका से अभद्रता करने का आरोपी गिरफ्तार भेजा गया जेल 

 अनूप सिंह 

 मझिआंव(गढ़वा):- थाना क्षेत्र के ऊंचरी गांव स्थित प्राथमिक विद्यालय में महिला सहायक शिक्षिका के साथ कथित तौर पर अभद्र व्यवहार और गाली-गलौज करने के मामले में पुलिस ने प्राथमिकी अभियुक्त योगेंद्र कुमार, पिता स्व. दुखी राम, निवासी ऊंचरी, को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने उसे शनिवार को न्यायालय में प्रस्तुत करने के लिए भेज दिया।

मामले को लेकर मझिआंव थाना कांड संख्या 87/2026, दिनांक 11 सितंबर 2026 को भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 126(2), 115(2), 132, 329(4), 351(2) एवं 352 के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है।

जानकारी के अनुसार आरोप है कि युवक हाथ में लाठी लेकर विद्यालय परिसर में पहुंचा और महिला सहायक शिक्षिका शाइस्ता सुल्ताना के साथ गाली-गलौज करते हुए अभद्र व्यवहार किया। शिक्षिका का आरोप है कि युवक ने विद्यालय में मुस्लिम शिक्षक के नहीं पढ़ाने की बात कहते हुए उनके साथ दुर्व्यवहार किया। उन्होंने पुलिस को दिए आवेदन में यह भी आरोप लगाया है कि उक्त युवक पूर्व में भी उनके साथ दो बार अभद्र व्यवहार कर चुका है। आवेदन मिलने के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। थाना प्रभारी अमित कुमार के निर्देश पर पुलिस ने मामले की जांच शुरू की। पुलिस के अनुसार प्राथमिकी में नामजद आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में उपस्थापन के लिए भेज दिया गया है।

 इधर जेल भेजे जाने पर आस-पास के बुद्धिजीवी नागरिकों का कहना है कि यह कार्रवाई बहुत ही अच्छा हुआ है, क्योंकि सरकारी संस्थानों में इस तरह से हरकत करने वाले लोगों के सबक सिखाने की जरूरत है।

Leave a Comment