मेराल-भवनाथपुर-चोपन रेल लाइन के लिए संघर्ष समिति ने आंदोलन की बनाई रणनीति

हस्ताक्षर अभियान चलाकर सांसद को सौंपा जाएगा ज्ञापन, जनजागरूकता अभियान चलाने का निर्णय

अनूप सिंह 

मेराल से भवनाथपुर होते हुए चोपन तक रेल परिचालन की मांग को लेकर मेराल-भवनाथपुर-चोपन रेल चलाओ संघर्ष समिति की बैठक रविवार को बरडीहा में समिति के अध्यक्ष रत्नेश गुप्ता के आवास पर हुई। अध्यक्षता रत्नेश गुप्ता ने की। बैठक में मझिआंव, बरडीहा, कांडी, भवनाथपुर एवं बिशुनपुरा प्रखंड से बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए। संचालन बरडीहा प्रखंड के उप प्रमुख सह संघर्ष समिति के सचिव सत्येंद्र पासवान ने किया। वहीं बरडीहा प्रखंड सांसद प्रतिनिधि सह संघर्ष समिति के संयोजक सतीश यादव मुख्य रूप से उपस्थित रहे।

बैठक में मेराल से बरडीहा, भवनाथपुर, खरौंधी, कोन, सलईबनवा होते हुए चोपन तक रेल संपर्क बहाल करने एवं प्रस्तावित रेल लाइन के निर्माण को लेकर आंदोलन की रूपरेखा तैयार की गई। संयोजक सतीश यादव ने कहा कि गढ़वा जिले के मेराल स्टेशन से भवनाथपुर माइंस तक करीब 35 किलोमीटर लंबा रेलवे ट्रैक वर्ष 1966 से अस्तित्व में है। भवनाथपुर में खनिज संपदा का दोहन कम होने के बाद करीब एक दशक पूर्व इस रेलखंड पर परिचालन बंद हो गया। उन्होंने कहा कि क्षेत्र को फिर से रेल संपर्क से जोड़ना समय की महत्वपूर्ण मांग है।

उन्होंने बताया कि प्रस्तावित रेल संपर्क बनने से झारखंड, उत्तर प्रदेश और बिहार के सीमावर्ती क्षेत्रों की करीब पांच लाख आबादी को सीधा लाभ मिल सकता है। इसके अलावा भवनाथपुर माइंस, सेल माइंस, एसीसी सीमेंट प्लांट, सलईबनवा तथा सिंगरौली क्षेत्र के औद्योगिक एवं खनिज प्रतिष्ठानों तक माल परिवहन की दूरी कम होगी। इससे परिवहन लागत, समय और लॉजिस्टिक खर्च में भी कमी आने की संभावना है।

सतीश यादव ने कहा कि यह रेल लाइन क्षेत्र के पिछड़े एवं आदिवासी-दलित बहुल इलाकों के विकास को गति देने के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत-2047 के संकल्प को भी मजबूती प्रदान कर सकती है। उन्होंने कहा कि समिति चरणबद्ध तरीके से जनजागरूकता अभियान चलाएगी। इसके तहत हस्ताक्षर अभियान शुरू किया जाएगा और बाद में सांसद विष्णु दयाल राम को ज्ञापन सौंपकर केंद्र सरकार तक मांग पहुंचाई जाएगी।

अध्यक्ष रत्नेश गुप्ता ने कहा कि रेल लाइन बनने से क्षेत्र में रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे। किसानों, व्यापारियों और स्थानीय व्यवसाय को लाभ मिलेगा तथा शिक्षा एवं स्वास्थ्य सुविधाओं तक पहुंच आसान होगी। साथ ही क्षेत्र का सर्वांगीण विकास और संपर्क व्यवस्था मजबूत होगी।

बैठक में शिव प्रसाद गुप्ता, राजनाथ गुप्ता, बाल रूप यादव, कैलाश यादव, लखन पाल, ललन यादव, सुशील कुमार यादव, शशिकांत गुप्ता, राजमोहन यादव, दिनेश राम, पिंटू राम, भगवान दत्त तिवारी, राजेंद्र मेहता, उपेंद्र कुमार, चंदन कुमार पासवान, रवि विश्वकर्मा सहित काफी संख्या में लोग उपस्थित थे।

Leave a Comment