इलाज के दौरान 30 वर्षीय युवक की मौत, मझिआंव में हुआ अंतिम संस्कार, क्षेत्र में शोक 

अनूप सिंह 

मझिआंव(गढ़वा):- नगर पंचायत क्षेत्र के ऊंचरी गांव निवासी सह जिला यक्ष्मा विभाग में कार्यरत चालक श्रीनिवास उर्फ बबलू पांडे के 30 वर्षीय पुत्र नीतेश कुमार पांडे की छत्तीसगढ़ के नारायणपुर स्थित एक निजी अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। मौत की खबर मिलते ही परिजनों में मातम छा गया। सोमवार को शव पैतृक गांव ऊंचरी पहुंचते ही परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।

परिजनों के अनुसार, नीतेश को करीब तीन वर्ष पूर्व पेट में दर्द की शिकायत हुई थी। इसके बाद वह सामान्य रूप से अपने काम में लगा हुआ था। अचानक रविवार 20 सितंबर को फिर से पेट में तेज दर्द की शिकायत हुई। इसके बाद उसके सहकर्मियों ने उसे इलाज के लिए नारायणपुर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया। अस्पताल में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

बताया गया कि नीतेश कुमार पांडे पिछले करीब 12 वर्षों से छत्तीसगढ़ के नारायणपुर में माइनिंग विभाग में कार्यरत था। नौकरी के सिलसिले में वह लंबे समय से वहीं रह रहा था।सोमवार को शव ऊंचरी गांव लाए जाने के बाद अंतिम दर्शन के दौरान परिजन और ग्रामीण भावुक हो उठे। इसके बाद कोयल नदी स्थित पानी टंकी घाट पर हिंदू रीति-रिवाज से अंतिम संस्कार किया गया। घटना से गांव में शोक का माहौल है।मृतक अपने पीछे पत्नी एवं 10 वर्षीय पुत्र आयुष कुमार पांडे एवं 8 वर्षीय पुत्री आस्था कुमारी को छोड़ गए।

Leave a Comment