अनूप सिंह
मझिआंव(गढ़वा):- बरडीहा प्रखंड के आदर पंचायत अंतर्गत लेवाटांड गांव में प्रकृति, लोकआस्था और भाई-बहन के प्रेम का प्रतीक करमा महापर्व पारंपरिक हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर क्षेत्रीय विधायक नरेश प्रसाद सिंह एवं बीडीओ सह अंचल अधिकारी प्रवीण कुमार सिंह मुख्य रूप से उपस्थित रहे। उनके पहुंचने पर ग्रामीणों ने मांदर की थाप और पारंपरिक नृत्य के साथ स्वागत किया।

कार्यक्रम में महिलाओं और युवतियों ने पारंपरिक वेशभूषा में करम डाल की विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। उन्होंने अपने भाइयों की लंबी उम्र, सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की। करमा गीतों और लोकनृत्य से पूरा गांव भक्तिमय माहौल में सराबोर रहा।

इस दौरान बीडीओ प्रवीण कुमार सिंह ने कहा कि करमा पूजा केवल धार्मिक पर्व नहीं, बल्कि हमारी समृद्ध लोक-संस्कृति और परंपराओं का प्रतीक है। यह भाई-बहन के अटूट प्रेम के साथ जल, जंगल, जमीन और प्रकृति के प्रति हमारी जिम्मेदारी का संदेश भी देता है। उन्होंने कहा कि आधुनिकता के दौर में सांस्कृतिक विरासत और प्राकृतिक संसाधनों का संरक्षण जरूरी है। करमा पर्व हमें पर्यावरण संरक्षण, आपसी सौहार्द और मिल-जुलकर रहने की प्रेरणा देता है। अंत में उन्होंने ग्रामीणों को करमा महापर्व की शुभकामनाएं देते हुए सुख, शांति और समृद्धि की कामना की।



