अनूप सिंह
पलामू जिले के मोहम्मदगंज प्रखंड क्षेत्र के लिए गौरव की बात है कि मोहम्मदगंज निवासी स्वर्गीय कृष्ण बिहारी सिंह की पोती और अभय सिंह की पुत्री डॉ. निधि कुमारी ने चिकित्सा क्षेत्र में उल्लेखनीय सफलता हासिल की है। उन्होंने NEET-PG 2026 में ऑल इंडिया रैंक 801 प्राप्त करने के साथ ही संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) की Combined Medical Services Examination (CMS) 2026 की लिखित परीक्षा भी क्वालीफाई की है।

निधि कुमारी का पालन-पोषण जमशेदपुर में हुआ, जहां से उन्होंने अपनी प्रारंभिक शिक्षा प्राप्त की। इसके बाद उन्होंने RIMS, रांची से MBBS की पढ़ाई पूरी की। उनकी इस दोहरी उपलब्धि से परिवार के साथ-साथ मोहम्मदगंज क्षेत्र में भी खुशी का माहौल है।
NEET-PG में शानदार रैंक हासिल करने के बाद निधि का मुख्य लक्ष्य स्नातकोत्तर चिकित्सा शिक्षा प्राप्त कर MD Pediatrics (बाल रोग) करना है। इसके लिए वह दिल्ली के प्रतिष्ठित सरकारी मेडिकल कॉलेजों MAMC, LHMC, UCMS और VMMC सहित IMS-BHU, वाराणसी जैसे संस्थानों में प्रवेश का लक्ष्य लेकर चल रही हैं।

वहीं, UPSC CMS 2026 की लिखित परीक्षा में सफलता भी उनकी उपलब्धियों में जुड़ गई है। UPSC की जारी लिखित परीक्षा में सफल अभ्यर्थियों की सूची में निधि कुमारी का नाम दर्ज है। हालांकि उनका प्राथमिक लक्ष्य सरकारी सेवा में जाने के बजाय फिलहाल PG की पढ़ाई कर विशेषज्ञ चिकित्सक बनना है।
डॉ. निधि की सफलता पर उनके परिजनों, शुभचिंतकों और मोहम्मदगंज क्षेत्र के लोगों ने बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।



