विश्रामपुर में लगा एक दिवसीय रोजगार मेला, सैकड़ों युवाओं का हुआ रजिस्ट्रेशन, विधायक ने कार्यशाला का किया उद्घाटन

अनूप सिंह 

गढ़वा :- दीनदयाल उपाध्याय ग्रामीण कौशल योजना (DDU-GKY) के तहत शनिवार को पलामू के विश्रामपुर प्रखंड कार्यालय परिसर में जेएसएलपीएस के द्वारा एक दिवसीय प्रखंड स्तरीय रोजगार मेला सह मोबिलाइजेशन शिविर का आयोजन किया गया।शिविर का उद्घाटन मुख्य अतिथि विधायक नरेश प्रसाद सिंह ने दीप प्रज्वलित कर किया। इस दौरान जिला पार्षद विजय रविदास, सांसद प्रतिनिधि अनुज पांडेय एवं उप प्रमुख सतेंद्र नारायण सिंह मौजूद थे। कार्यक्रम की अध्यक्षता जेएसएलपीएस के जिला मैनेजर नवल किशोर राजू ने की।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक नरेश प्रसाद सिंह ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्र के युवाओं को उनके हुनर के अनुरूप प्रशिक्षण देकर रोजगार से जोड़ना आज की सबसे महत्वपूर्ण जरूरतों में से एक है। आर्थिक रूप से कमजोर एवं कम पढ़े-लिखे युवक-युवतियों के लिए कौशल विकास के माध्यम से रोजगार के नए अवसर उपलब्ध कराना एक बड़ा अभियान है। इसके लिए सरकार, प्रशासन, प्रशिक्षण संस्थानों, रोजगार देने वाली कंपनियों और समाज के सभी वर्गों को मिलकर काम करने की आवश्यकता है।उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्र में प्रतिभा और मेहनत की कोई कमी नहीं है, लेकिन कई बार उचित मार्गदर्शन, प्रशिक्षण और रोजगार के अवसर नहीं मिलने के कारण युवा अपनी क्षमता के अनुरूप आगे नहीं बढ़ पाते हैं। ऐसे रोजगार मेले युवाओं और रोजगार देने वाली संस्थाओं के बीच सीधा संपर्क स्थापित करने का महत्वपूर्ण माध्यम हैं।

विधायक ने कहा कि युवाओं को केवल रोजगार की जानकारी देना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि उन्हें बाजार की आवश्यकता के अनुरूप प्रशिक्षित करना भी जरूरी है। प्रशिक्षण के बाद उन्हें रोजगार से जोड़ने की प्रक्रिया को मजबूत किया जाना चाहिए, ताकि युवा आत्मनिर्भर बन सकें और अपने परिवार की आर्थिक स्थिति को बेहतर करने के साथ क्षेत्र के विकास में भी योगदान दे सकें।उन्होंने युवक-युवतियों से अपील की कि वे अपनी रुचि और क्षमता के अनुरूप प्रशिक्षण का चयन करें तथा उपलब्ध अवसरों का लाभ उठाएं। उन्होंने कहा कि युवा शक्ति किसी भी क्षेत्र की सबसे बड़ी ताकत होती है। यदि युवाओं को सही दिशा, कौशल और अवसर मिले तो वे अपने भविष्य के साथ-साथ समाज और क्षेत्र की तस्वीर बदल सकते हैं।

जिला पार्षद विजय रविदास ने कहा कि महिलाओं को स्वावलंबी बनाने के लिए उन्हें हुनरमंद बनाना जरूरी है।जेएसएलपीएस के राजेश्वर राम ने बताया कि इस शिविर में 15 एजेंसियों द्वारा 18 से 35 वर्ष तक के युवक-युवतियों का रजिस्ट्रेशन किया गया है। कम से कम पांचवीं पास बेरोजगारों को निःशुल्क प्रशिक्षण देकर संगठित क्षेत्र में रोजगार दिया जाएगा।इस मौके पर नगर पार्षद सोना देवी, बीपीएम धनंजय कुमार, रामध्यान राम, राजद प्रखंड अध्यक्ष सतेंद्र यादव, नगर अध्यक्ष सिराजुद्दीन अंसारी सहित सैकड़ों युवा एवं ग्रामीण मौजूद थे।

Leave a Comment