अनूप सिंह
मझिआंव(गढ़वा):- स्वच्छता ही सेवा 2026 कार्यक्रम के तहत नगर पंचायत मझिआंव में एक अक्टूबर को ‘एक दिन, एक घंटा, एक साथ’ अभियान चलाकर सामूहिक श्रमदान किया जाएगा। नगर पंचायत क्षेत्र में सुबह 8 बजे से 9 बजे तक आयोजित इस अभियान में जनप्रतिनिधियों, नगर कर्मियों सहित स्थानीय लोगों की सहभागिता सुनिश्चित करने की तैयारी की जा रही है।

नगर पंचायत के कार्यपालक पदाधिकारी शैलेश कुमार ने बताया कि स्वच्छता के प्रति लोगों में जागरूकता बढ़ाने और सामुदायिक भागीदारी को मजबूत करने के उद्देश्य से यह अभियान आयोजित किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि 2 अक्टूबर को गांधी जयंती के अवसर पर पूर्वाह्न 11 बजे विवाह मंडप प्रांगण में सम्मान समारोह आयोजित किया जाएगा। इसमें बेहतर कार्य करने वाले सफाई मित्रों एवं स्वच्छता अभियान से जुड़े अन्य लोगों को सम्मानित किया जाएगा।

उन्होंने नगर पंचायत अध्यक्ष सुमित्रा देवी, उपाध्यक्ष सुमन विश्वकर्मा सहित सभी सम्मानित वार्ड सदस्यों से एक अक्टूबर के श्रमदान कार्यक्रम तथा दो अक्टूबर के सम्मान समारोह में ससमय शामिल होने का आग्रह किया है। उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधियों और आम लोगों की सक्रिय भागीदारी से स्वच्छता अभियान को और प्रभावी बनाया जा सकता है।



