दो की हालत गंभीर, मेदिनीनगर सदर अस्पताल रेफर

अनूप सिंह 

मोहम्मद गंज थाना अंतर्गत मोहम्मदगंज-जपला मुख्य पथ पर माली रेलवे क्रॉसिंग के समीप रविवार देर शाम दो बाइकों की आमने-सामने टक्कर हो गई। दुर्घटना में तीन लोग घायल हो गए। घायलों में भजनिया गांव निवासी अजित कुमार सिंह उर्फ मुन्ना सिंह (40), सड़ेया गांव निवासी अभिषेक विश्वकर्मा (30) और चंदन कुमार यादव (21) शामिल हैं।

जानकारी के अनुसार, अजित कुमार सिंह उर्फ मुन्ना सिंह जपला से बाइक से अपने घर भजनिया लौट रहे थे। इसी दौरान मोहम्मदगंज की ओर से आ रही बाइक पर सवार अभिषेक विश्वकर्मा और चंदन कुमार यादव की बाइक से उनकी आमने-सामने टक्कर हो गई। दुर्घटना में तीनों घायल हो गए।

स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को इलाज के लिए अनुमंडलीय अस्पताल हुसैनाबाद पहुंचाया गया। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद अजित कुमार सिंह उर्फ मुन्ना सिंह और अभिषेक विश्वकर्मा की गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए मेदिनीनगर सदर अस्पताल रेफर कर दिया। चंदन कुमार यादव का उपचार अनुमंडलीय अस्पताल में किया गया। बाद में अजित कुमार सिंह उर्फ मुन्ना सिंह को बेहतर इलाज के लिए रांची के मेडिका अस्पताल ले जाया गया, जहां उन्हें भर्ती कराया गया है। उनकी स्थिति गंभीर बताई जाती है।

घटना की सूचना मिलने पर हुसैनाबाद थाना के एसआई अमरीका प्रसाद अनुमंडलीय अस्पताल पहुंचे और घायलों से घटना की जानकारी ली।

Leave a Comment