अनूप सिंह
मझिआंव (गढ़वा):- प्रखंड सभागार बरडीहा में सोमवार को प्रखंड विकास पदाधिकारी श्री प्रवीण कुमार सिंह की उपस्थिति में विद्यालयों के सामाजिक अंकेक्षण को लेकर एक महत्वपूर्ण प्रखंड स्तरीय जनसुनवाई का सफलतापूर्वक शुभारंभ किया गया। यह जनसुनवाई सुबह 11:00 बजे से आयोजित की गई। प्रखंड शिक्षा प्रसार पदाधिकारी-सह-समन्वयक, प्रखण्ड संसाधन केंद्र (बरडीहा) द्वारा जारी पत्र के अनुसार, यह जनसुनवाई वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए कराई गई विद्यालयों की सामाजिक अंकेक्षण रिपोर्ट पर चर्चा करने के लिए बुलाई गई है। इसका आयोजन जिला शिक्षा अधीक्षक, गढ़वा के पत्रांक 290 MDM (दिनांक 25.08.2026) के संदर्भ में जिला स्तर से निर्धारित तिथि के आधार पर किया गया। इस महत्वपूर्ण जनसुनवाई में शिक्षा व्यवस्था और योजनाओं में पारदर्शिता एवं जवाबदेही सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया।

जनसुनवाई के पहले दिन निम्नलिखित गणमान्य लोगों एवं प्रतिनिधियों ने अपनी सहभागिता दर्ज की:
प्रखंड विकास पदाधिकारी प्रवीण कुमार सिंह, प्रमुख एवं उपप्रमुख जिला (गढ़वा) द्वारा नामित पदाधिकारी,सोशल ऑडिट यूनिट के जिला श्रोत द्वारा नामित व्यक्ति (गढ़वा),बरडीहा की महिला स्वयं सहायता समूह की सदस्यगण, सामाजिक अंकेक्षण द्वारा नामित CSO सदस्य
बैठक के दौरान विद्यालयों में मध्याह्न भोजन (MDM) और अन्य विकास कार्यों से संबंधित ऑडिट रिपोर्ट पर विस्तार से चर्चा की गई तथा सभी उपस्थित सदस्यों और प्रतिनिधियों से प्राप्त सुझावों और आपत्तियों का निराकरण करने की दिशा में आवश्यक कदम उठाए गए।
यह जनसुनवाई कल भी इसी सभागार में जारी रहेगी, ताकि शेष विषयों और अन्य विद्यालयों की ऑडिट रिपोर्ट पर व्यापक रूप से चर्चा कर उचित समाधान सुनिश्चित किया जा सके।



