किसी अनजान व्यक्ति की जान बचाने से जो आत्म-संतुष्टि और खुशी मिलती है, वह सबसे बड़ा फायदा है: डॉ गोविंद प्रसाद सेठ
अनूप सिंह
मझिआंव (गढ़वा):- भारतीय रेड क्रॉस सोसाइटी जिला शाखा गढ़वा द्वारा राष्ट्रीय स्वैच्छिक रक्तदान दिवस के अवसर पर मंझिआंव में रक्तदान शिविर का आयोजन किया जा रहा है।
यह शिविर 1 अक्टूबर 2026 दिन गुरुवार को सुबह 11 बजे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मंझिआंव में लगाया जाएगा।रक्तदान को महादान बताते हुए मझिआंव निवासी शिक्षक अशोक कमलापुरी पुरी ने इसको लेकर विशेष मुहिम चला रखी है। वे लगातार लोगों को रक्तदान के लिए जागरूक कर रहे हैं। इसी क्रम में शिक्षक अशोक कमलापुरी ने नगर पंचायत अध्यक्ष श्रीमती सुमित्रा देवी से कार्यालय में पहुंच कर सादर आमंत्रित किया है, और शिविर में गरिमामय उपस्थिति का आग्रह किया है।

वहीं इस संबंध में समुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पदाधिकारी डॉक्टर गोविंद प्रसाद सेठ ने बताया कि सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में 1 अक्टूबर को होने वाले रक्तदान शिविर की तैयारी की जा रही है जिसमें स्वास्थ्य विभाग का भरपूर सहयोग रहेगा।
श्री सेठ ने यह भी बताया कि रक्तदान करने से सिर्फ दूसरों की जान ही नहीं बचती, बल्कि दानदाता को भी कई स्वास्थ्य लाभ मिलते हैं। नियमित रक्तदान से शरीर में आयरन की मात्रा संतुलित रहती है, जिससे हार्ट अटैक का खतरा कम होता है। रक्तदान के बाद शरीर में नई लाल रक्त कोशिकाएं (Red Blood Cells) बनती हैं, जिससे शरीर में स्फूर्ति बनी रहती है। एक बार रक्तदान करने से लगभग 650 कैलोरी बर्न होती है, जो वजन नियंत्रण में मदद करता है। रक्तदान से पहले हीमोग्लोबिन, ब्लड प्रेशर, ब्लड ग्रुप और कई तरह की बीमारियों की निःशुल्क जांच हो जाती है। किसी अनजान व्यक्ति की जान बचाने से जो आत्म-संतुष्टि और खुशी मिलती है, वह सबसे बड़ा फायदा है। उन्होंने भी अपील करते हुए कहा है कि महा रक्तदान शिविर में सुरक्षा और खुशी से रक्तदान करें।

वहीं आयोजकों ने सभी युवाओं, समाजसेवियों और आम नागरिकों से अपील की है कि इस पुनीत कार्य में बढ़-चढ़कर भाग लें और रक्तदान कर किसी का जीवन बचाएं।



