ग्रामीणों के निर्णय से *लेसड़ाही” टोले का नाम बदलकर किया गया‘आदर्श नगर,बीडीओ सह सीओ भ्रमण कर ग्रामीणों की सहमति से लिया ऐतिहासिक निर्णय

सड़क, जर्जर पुल, खराब चापानल व बिजली व्यवस्था दुरुस्त करने के दिए निर्देश

अनूप सिंह 

मझिआंव (गढ़वा):- बरडीहा बीडीओ सह सीओ प्रवीण कुमार सिंह ने शनिवार की सुबह क्षेत्र में पैदल भ्रमण कर ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं और विकास कार्यों का जायजा लिया। इस भ्रमण के दौरान जब उन्हें यह जानकारी मिली कि आदर पंचायत के अंतर्गत एक टोला ‘लेसड़ाही टोला’ के नाम से जाना जाता है, जहां अब तक समुचित रास्ते और बिजली के खंभों का अभाव है, तो उन्होंने त्वरित संज्ञान लिया।

साथ ही बीडीओ श्री सिंह ने कहा कि टोला का यह नाम गरिमापूर्ण नहीं है और इसे तत्काल बदला जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि “नाम व्यक्ति और समाज के जीवन में अत्यंत महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। किसी भी व्यक्ति, टोले अथवा गांव का नाम ऐसा होना चाहिए जिसे हर नागरिक गर्व और सम्मान के साथ ले सके।”

इसके बाद वे स्वयं भारी जनसमूह के साथ उक्त टोले में पहुंचे और सभी ग्रामीणों की सर्वसम्मति से टोले का नाम बदलकर औपचारिक रूप से ‘आदर्श नगर’ रखा।नामकरण के तुरंत बाद बीडीओ ने मौके से ही संबंधित इंजीनियर से बात कर टोले तक सड़क निर्माण हेतु अविलंब प्राक्कलन (एस्टीमेट) तैयार करने का निर्देश दिया। सड़क निर्माण के मार्ग में पड़ने वाली रैयती भूमि के भू-स्वामियों से भी वार्ता की गई, जिन्होंने सहर्ष अपनी सहमति प्रदान कर दी है। इसके साथ ही टोले में बिजली के खंभे लगाने और तार पहुंचाने को लेकर बिजली विभाग के अधिकारियों से भी बात की गई।

 

वहीं निरीक्षण के दौरान 4 से 5 चापाकल पूरी तरह खराब पाए गए। ग्रामीणों की सुविधा को देखते हुए पेयजल एवं स्वच्छता विभाग को तत्काल सूचित करते हुए सभी खराब चापाकलों को अविलंब दुरुस्त कराने का निर्देश दिया गया। वहीं मदरसा चौक, आदर स्थित नहर पर बने पुल—जो सुखनदी पंचायत को जोड़ता है—का जायजा लिया गया। भारी वाहनों के आवागमन के कारण किनारे से लगभग 12 फीट पुल क्षतिग्रस्त हो चुका है।

सुखनदी में सड़क निर्माण कर रहे संवेदक को मौके पर ही पुल की अविलंब मरम्मत करने हेतु निर्देशित किया गया अन्यथा भारी वाहनों के आवागमन पर रोक लगाने की कार्रवाई की जाएगी।

आगे भ्रमण के दौरान एक-दो अन्य टोले भी मिले जहां रास्ते जर्जर स्थिति में हैं। उन सभी रास्तों पर भी शीघ्र निर्माण कार्य प्रारंभ कराने का निर्देश दिया गया।इस 12 किलोमीटर के पूरे पैदल भ्रमण व निरीक्षण कार्यक्रम के दौरान आदर पंचायत के मुखिया गयासुद्दीन अंसारी, लावाचंपा के सुनील चौधरी, राजन चौधरी सहित सैकड़ों की संख्या में स्थानीय ग्रामीण व प्रबुद्धजन उपस्थित रहे।

Leave a Comment