चलती ट्रेन से गिरकर 25 वर्षीय युवती गंभीर रूप से घायल

अनूप सिंह 

रमना(गढ़वा):- थाना क्षेत्र में रेलवे ट्रैक के समीप बुधवार सुबह चलती ट्रेन से गिरकर 25 वर्षीय युवती गंभीर रूप से घायल हो गई। घायल की पहचान पश्चिम बंगाल के नसकार पारा रोड, हावड़ा कॉरपोरेशन निवासी गायत्री सोनी, पिता लक्ष्मण लाल सोनी के रूप में हुई है।

पुलिस के अनुसार, घटनास्थल के समीप युवती का ब्रश और पेस्ट मिला है। प्रारंभिक जांच में अंदेशा जताया जा रहा है कि युवती डाउन शक्तिपुंज एक्सप्रेस से यात्रा कर रही थी। सुबह बाथरूम जाने के दौरान संतुलन बिगड़ने से वह ट्रेन से नीचे गिर गई होगी।

घटना की सूचना मिलने पर रमना थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायल युवती को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया। यहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए गढ़वा सदर अस्पताल रेफर कर दिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है। घटना के कारणों की भी जानकारी जुटाई जा रही है।

Leave a Comment