बरडीहा CLF की वार्षिक आम सभा में महिला सशक्तीकरण और नशामुक्ति का संदेश

अनूप सिंह 

बरडीहा (गढ़वा):- आजीविका महिला संकुल स्तरीय प्राथमिक स्वावलंबी सहकारी समिति लिमिटेड की वार्षिक आम सभा (AGM 2025-26) का आयोजन बुधवार को बरडीहा पंचायत के समीप आवास परिसर में किया गया।

कार्यक्रम में प्रखंड विकास पदाधिकारी प्रवीण कुमार सिंह मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित हुए।

 

 

 

अपने संबोधन में बीडीओ प्रवीण कुमार सिंह ने महिला सशक्तीकरण पर जोर देते हुए कहा कि जानकारी, जागरूकता और आर्थिक स्वावलंबन ही वास्तविक सशक्तीकरण के आधार हैं। उन्होंने महिलाओं से कहा कि सरकार एवं समूहों के माध्यम से मिलने वाली आर्थिक सहायता का उपयोग आजीविका और स्वरोजगार को बढ़ाने में करें, ताकि महिलाएं स्वयं आर्थिक रूप से मजबूत बनें और परिवार को भी आगे बढ़ाएं।

उन्होंने कहा कि वे क्षेत्र भ्रमण के दौरान लगातार महिलाओं और ग्रामीणों से मिलते हैं तथा उनकी समस्याओं को समझने का प्रयास करते हैं। उन्होंने महिलाओं को अपने अधिकारों, सरकारी योजनाओं और उपलब्ध अवसरों की जानकारी प्राप्त करने तथा अन्य महिलाओं को भी जागरूक करने के लिए प्रेरित किया।

डायन प्रथा के खिलाफ जागरूकता का आह्वान करते हुए बीडीओ ने कहा कि डायन नाम की कोई चीज नहीं होती। यह एक सामाजिक कुरीति और अंधविश्वास है, जिसके कारण महिलाओं को प्रताड़ना का सामना करना पड़ता है। उन्होंने सभी दीदियों से समाज में इसके खिलाफ जागरूकता फैलाने की अपील की।

नशामुक्ति अभियान पर उन्होंने कहा कि क्षेत्र को नशामुक्त बनाने के लिए प्रशासन लगातार प्रयास करेगा, लेकिन इस अभियान की सफलता में माताओं और बहनों की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण है। उन्होंने महिलाओं से सहयोग की अपील करते हुए कहा कि परिवार और समाज को नशे से मुक्त करने के लिए मिलकर अभियान चलाने की आवश्यकता है।

महिला जनप्रतिनिधियों और महिला पदाधिकारियों की भूमिका पर भी उन्होंने चर्चा की। उन्होंने कहा कि महिलाएं जब नेतृत्व की जिम्मेदारी संभालती हैं तो समाज के विकास में प्रभावी भूमिका निभा सकती हैं। महिलाओं की भागीदारी बढ़ने से प्रशासन और समाज के बीच संवाद भी मजबूत होता है।

अपने संबोधन के दौरान प्रवीण कुमार सिंह ने सहज और संवादात्मक अंदाज में महिलाओं से बातचीत की। उनकी बातों पर उपस्थित दीदियां कई बार हंसी और तालियों से उत्साह व्यक्त करती रहीं। कार्यक्रम में महिलाओं में काफी उत्साह और सहभागिता देखने को मिली।

उन्होंने सभी महिला समूहों से एकजुट होकर कार्य करने, आजीविका गतिविधियों को बढ़ाने तथा अपने आर्थिक और सामाजिक अधिकारों के प्रति जागरूक रहने का आह्वान किया। कार्यक्रम में मुख्य रूप से जिला परिषद सदस्य अर्चना प्रकाश ,प्रखंड उप प्रमुख सत्येंद्र पासवान, सामाजिक कार्यकर्ता पुष्प रंजन, लाला सिंह सहित जेएसएलपीएस की पूरी टीम उपस्थित थी l

सशक्त महिला, सशक्त परिवार और सशक्त समाज—इसी सोच के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।

Leave a Comment